टाउनहॉल पार्किंग फुल होते ही सड़क बनी अवैध पार्किंग, पुलिस की मौजूदगी में जाम से जूझते रहे लोग...

वाराणसी: शहर के व्यस्त टाउनहॉल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था की पोल खोलने वाला एक वीडियो सामने आया है. टाउनहॉल पार्किंग फुल होने के बाद अधिकारियों के वाहनों के लिए आरक्षित पार्किंग स्थल और उसके आसपास बाहरी वाहनों की कतार लग गई. इससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
हैरानी की बात यह है कि यह पूरा नजारा कोतवाली थाने से चंद कदम की दूरी पर देखने को मिला. मौके पर लगे बोर्ड पर स्पष्ट रूप से लिखा है कि पार्किंग केवल अधिकारियों के वाहनों के लिए है, लेकिन इसके बावजूद वहां कई निजी और बाहरी वाहन खड़े दिखाई दिए.
वीडियो में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार और यातायात प्रभावित होने के दृश्य नजर आ रहे हैं. वहीं एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी मौके पर खड़ा दिखाई देता है, लेकिन अवैध पार्किंग के खिलाफ कोई कार्रवाई होती नहीं दिखती। इससे सवाल उठ रहे हैं कि जब पुलिस की मौजूदगी में ही नियमों की अनदेखी हो रही है तो आम दिनों में व्यवस्था का क्या हाल होगा.
ALSO READ:युवक ने पुलिसकर्मियों को पीटा, परिजन बोले- मानसिक रूप से अस्वस्थ
स्थानीय लोगों का कहना है कि टाउनहॉल पार्किंग भर जाने के बाद वाहन चालक आसपास की सड़कों और आरक्षित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा कर देते हैं. इससे क्षेत्र में अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है. लोगों ने प्रशासन और यातायात विभाग से अवैध पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाने तथा क्षेत्र में सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.



