होम लोन व क्रेडिट कार्ड लागिन के बहाने दो महिलाओं से ठगी...

वाराणसी : होम लोन व क्रेडिट कार्ड लागिन के बहाने दो महिलाओं से ठगी हुई. इन मामलों में मुकदमा दर्ज करके पुलिस जांच कर रही है. चेतगंज की रहने वाली ज्योति वर्मा ने पुलिस को बताया कि मकान निर्माण के लिए उन्हें लोन की जरूरत थी. इसके लिए पीएनबी हाउसिंग के एजेंट लहरतारा के भिटारी निवासी अभिषेक श्रीवास्तव से संपर्क किया. एजेंट ने बैंक प्रक्रिया के नाम पर गुमराह करके अलग-अलग तारीखों में 4.62 लाख रुपये ऐंठ लिए. ठगी का अहसास होने पर ज्योति ने पीएनबी हाउसिंग के ब्रांच मैनेजर आशीष सिंह से शिकायत की. बैंक प्रबंधन ने रुपये वापस दिलाने का आश्वासन दिया था.
बाद में पता चला कि एजेंट अभिषेक कई लोगों से बैंक लोन के नाम पर रुपये लेकर भाग चुका है. बीते 18 मई को पुलिस कमिश्नर से भी शिकायत की थी. सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के अनुसार कि एफआईआर दर्ज की गई है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. वहीं साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड लागिन कराने के बहाने चेतगंज के सरायगोवर्धन की रहने वाली नीलू श्रीवास्तव के बैंक खाते से 1.82 लाख रुपये उड़ा दिए. इस मामले में चेतगंज थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है.
ALSO READ : आकाशीय बिजली की चपेट में आने से कालेज के संविदाकर्मी की मौत...
नीलू ने पुलिस को बताया कि बीते 17 जून को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से काल आई. काल करने वाले ने खुद को भारतीय स्टेट बैंक के मलदहिया शाखा का कर्मचारी बताया. उसने क्रेडिट कार्ड लागिन करने के लिए एक लोगो भेजा और उस पर क्लिक करने को कहा. नीलू ने वैसा ही और काल करने वाले ठग ने उन्हें 39 मिनट तक बातों में उलझाए रखा. इस दौरान क्रेडिट कार्ड से 1.82 लाख रुपये उड़ा दिए. धोखाधड़ी का अहसास होने पर नीलू ने बैंक पहुंचकर कर्मचारियों को जानकारी दी और क्रेडिट कार्ड ब्लाक कराया. चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला के अनुसार साइबर सेल ठगों के नंबर को ट्रेस कर रही है



