यूपी कॉलेज के छात्र की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, धरने पर बैठे आक्रोशित छात्र

वाराणसी: यूपी कालेज में बीते शुक्रवार को बीएससी के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार करने का दावा किया है. वहीं इस वारदात के विरोध में छात्र अगले दिन शनिवार को भी धरने पर बैठे रहे. उदय प्रताप कॉलेज में धरना रात से अनवरत जारी है, जबकि पूरे परिसर में सन्नाटा छाया होने के साथ मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. धरनारत छात्रों के बीच एसीपी विदुष सक्सेना पहुंचे और छात्रों के साथ बैठकर बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया. वहीं इस मामले से आहत हुए छात्रों ने गेट के मुख्य मार्ग पर दो मिनट का मौन रखकर मृतक छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित की.

सड़क पर शव रखकर चक्काजाम की कोशिश
मृत छात्र सूर्य प्रताप सिंह का शव शुक्रवार की रात बीएचयू से हरहुआ के कोईराजपुर ले जाते समय आक्रोशित उदय प्रताप कॉलेज के छात्रों ने गिलट बाजार तिराहे पर शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम करने की कोशिश की. इस पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए उन्हें खदेड़ा और शव को आगे के लिए रवाना किया. हालांकि, हत्या के अगले दिन भी धरना प्रदर्शन और आक्रोश आरोपित के पकड़े जाने के बाद भी जारी है.

आरोपी को सजा नहीं, तब तक जारी आंदोलन
छात्रों का कहना है कि जब तक आरोपित को कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन ने इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की है. धरने में शामिल छात्रों ने नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग की. उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं कॉलेज के माहौल को खराब कर रही हैं और छात्रों की सुरक्षा को खतरे में डाल रही हैं.

उदय प्रताप कॉलेज के छात्रों ने कहा कि वे इस घटना से बेहद आहत हैं और कॉलेज प्रशासन को चाहिए कि वह इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करे. छात्रों ने यह भी कहा कि वे अपने साथी की हत्या के खिलाफ चुप नहीं बैठेंगे और न्याय के लिए संघर्ष करते रहेंगे. धरने में शामिल छात्रों ने यह भी कहा कि वे अन्य कॉलेजों के छात्रों से भी समर्थन की अपील करेंगे ताकि इस मुद्दे को और अधिक उठाया जा सके. पुलिस ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्रों का आक्रोश कम नहीं हुआ. एसीपी विदुष सक्सेना ने छात्रों से कहा कि पुलिस इस मामले में पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और आरोपित को जल्द ही न्याय के कटघरे में लाया जाएगा. छात्रों ने पुलिस की बातों पर विश्वास नहीं किया और धरना जारी रखा.
वर्चस्व की लड़ाई या कुछ और
यूपी कालेज में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है. यहां वर्चस्व की लड़ाई का खेल पुराना है. हत्या की इस वारदात के बाद जितने मुंह उतनी बातें होने लगी हैं. कोई इसे लडकी को लेकर विवाद बता रहा है तो कोई शर्ट की बांह चढाने को लेकर हुआ विवाद बता रहा है. कालेज सूत्रों का कहना है कि मृतक सूर्य प्रताप हास्टल में रहता था और वर्चस्व को लेकर बाहरी छात्रों से विवाद होना भी वजह बताई जा रही है.

यह भी पढ़ें: अब AI चैटबॉट भेजेगा वाट्स-एप पर हाउस टैक्स का बिल, नगर निगम की नई पहल
घटना का एक वीडियो भी बहुत तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक लडकी को देखा जा सकता है जो घटना के वक्त वहीं पर मौजूद थी. पूर्व में भी सूर्य और आरोपी के बीच विवाद हो चुका था. मारपीट का भी मामला शिवपुर में मंजीत के खिलाफ दर्ज है.



