यूपी कांग्रेस में बड़ा बदलाव, अजय राय की जगह आराधना मिश्रा मोना को कमान

वाराणसी: उत्तर प्रदेश कांग्रेस में शुक्रवार को बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई टीम का ऐलान करते हुए आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से 2 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के कार्यकाल में दिए गए योगदान की भी सराहना की है।
कांग्रेस ने संगठन में बदलाव के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल में भी फेरबदल किया है। चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल का नेता नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति भी तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
ALSO READ : सनबीम वरुणा में पीएम मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर नाट्य मंचन...
आराधना मिश्रा ‘मोना’ रामपुर खास विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह अब तक उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। कांग्रेस की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उन्हें यूपी कांग्रेस विधायक दल की नेता के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस संगठनात्मक फेरबदल के साथ कांग्रेस ने प्रदेश में अपनी नई टीम सामने रखी है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ कार्यकारी अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और विधानमंडल दल के नेता की नियुक्ति से संगठन में कई स्तरों पर बदलाव हुआ है।V



