वाराणसी के इस सरकारी अस्पताल में फांसी लगाकर मजदूर ने दी जान, सामने आई यह वजह

वाराणसी: शहर के शिवपुर क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले करीब ढाई महीने से मजदूरी कर रहे 31 वर्षीय छोटू कुमार लोहार ने फंदे से लटककर जान दे दी. घटना की जानकारी सोमवार सुबह करीब पांच बजे हुई. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की खबर लगते ही मजदूर के परिवार में मातम पसर गया.
मजदूर की पहचान छोटू कुमार लोहार 31 पुत्र स्वर्गीय शंकर लोहार, निवासी ग्राम रामबाग, थाना सदर, जिला पूर्णिया, बिहार के रूप में हुई है. वह पिछले लगभग ढाई महीने से शिवपुर स्थित सरकारी अस्पताल परिसर में बन रही लैब की बिल्डिंग निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था और वहीं बने पुराने कमरे में रह रहा था. बताया जा रहा है कि उसका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था. उसकी दो वर्ष की एक पुत्री भी है.
ALSO READ : सारनाथ पुलिस ने बरामद किए 13 गुमशुदा मोबाइल, 1.80 लाख रुपये है कीमत...
मृतक के भांजे सोनू लोहार के अनुसार, वह और छोटू कुमार अलग-अलग कमरों में रहते थे. सोमवार सुबह करीब पांच बजे जब वह अपने कमरे से निकलकर छोटू कुमार के कमरे में पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था. अंदर छोटू कुमार का शव फंदे से लटका मिला. उसने इसकी जानकारी अपने मित्र बबलू को दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.



