वाराणसी: स्वर्णकार संघ संग बैठक, सुरक्षा व साइबर सतर्कता पर जोर...

वाराणसी: पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को कैम्प कार्यालय में स्वर्णकार संघ के पदाधिकारियों और जनपद के प्रमुख ज्वेलरी संस्थानों के स्वामियों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी की बैठक में व्यापारिक सुरक्षा, साइबर अपराध, जीएसटी और अफवाहों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.
गोष्ठी के दौरान पुलिस आयुक्त ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपनी शिकायतें सीधे पुलिस कार्यालय में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 2 बजे तक अथवा दूरभाष के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं.
उन्होंने पुलिस कर्मियों को व्यापारियों के साथ सौम्य और संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रताड़ना या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

बैठक में सभी ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, डिजिटल लॉकर एवं आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा सुरक्षा गार्डों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने पर जोर दिया गया. साथ ही व्यापारियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई कि वे संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें.
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि “लालच में आकर चोरी का सामान न खरीदें और न ही बेचें.
व्यापारियों को टैक्स वृद्धि एवं अन्य विषयों पर फैलने वाली भ्रामक अफवाहों से दूर रहने और केवल शासन एवं विभाग द्वारा जारी अधिकृत सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई.
ALSO READ:नेपाल के पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने किया BHU का दौरा...
बैठक में साइबर अपराधों पर भी विशेष चर्चा हुई. अधिकारियों ने बताया कि लालच, डर और असावधानी साइबर ठगी के प्रमुख कारण हैं. फर्जी कॉल, लिंक और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए जागरूक रहने की अपील की गई.
साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाना/साइबर सेल से संपर्क करने की सलाह दी गई.
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा लिपि नागायच, राज्य जीएसटी विभाग की अपर आयुक्त दीप्ति कटियार सहित अन्य अधिकारी, स्वर्णकार संघ के पदाधिकारी एवं ज्वेलरी व्यवसायी उपस्थित रहे.



