वाराणसी में महिलाएं चला रही थीं फर्जी मैट्रिमोनियल रैकेट, 10 गिरफ्तार

वाराणसी : ऑपरेशन "साइबर वज्र" के तहत वाराणसी पुलिस ने कैंट क्षेत्र में मैट्रिमोनियल ब्यूरो की आड़ में साइबर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड किया. रैकेट संचालिका समेत 10 महिलाओं को गिरफ्तार कर 27 मोबाइल समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार, गिरोह ने कई लोगों से करीब ₹10 लाख की ठगी की है. कैंट पुलिस और साइबर सेल को सोमवार शाम संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली.
फर्जी मैट्रिमोनियल ब्यूरो चलाकर शादी कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने चाले गिरोह का संचालन अर्दली बाजार स्थित विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी के एक फ्लैट से किया जा रहा था.
पुलिस के अनुसार, गिरोह की मास्टरमाइंड रागिनी देवी अखबारों में आकर्षक वैवाहिक विज्ञापन प्रकाशित कराती थी. विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों से 'लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन' के नाम पर सदस्यता शुल्क लिया जाता था. इसके बाद वाट्सएप पर युवक-युवतियों की प्रोफाइल भेजी जाती थी, लेकिन वास्तविक परिवारों का संपर्क कभी उपलब्ध नहीं कराया जाता था.
50 से अधिक शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
इस मामले में पुलिस और साइबर थाने को दर्जनों शिकायतें मिली थीं. शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि पैसे जमा कराने के बावजूद न तो रिश्ता कराया गया और न ही उनकी रकम लौटाई गई. लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की.
डीसीपी नीतू कादयान ने बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल और एनसीआरपी पोर्टल पर दो संदिग्ध मोबाइल नंबरों के खिलाफ लगातार शिकायतें दर्ज हो रही थीं. जांच में सामने आया कि इन्हीं नंबरों के जरिए लोगों से संपर्क कर ठगी की जा रही थी. देश के विभिन्न राज्यों से भी शिकायतें मिल रही थीं.
वाट्सएप के जरिए चलता था पूरा खेल
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य खुद को मैट्रिमोनियल ब्यूरो का प्रतिनिधि बताकर वाट्सएप पर प्रोफाइल भेजते थे. इसके बाद परिवार का संपर्क देने के नाम पर सदस्यता शुल्क जमा कराया जाता था. एक महिला शिकायतकर्ता से चार किस्तों में ₹7,000 और दूसरे से ₹3,500 वसूले गए, लेकिन किसी को भी वास्तविक वैवाहिक संपर्क नहीं दिया गया.
सोमवार को साइबर सेल और कैंट थाना पुलिस ने विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी स्थित कार्यालय पर छापा मारा. वहां तीन कमरों में 10 महिलाएं मोबाइल फोन और कीपैड फोन के जरिए लोगों से बातचीत करती मिलीं. तलाशी के दौरान पुलिस ने 27 मोबाइल फोन, एक एसर टैबलेट, चार बिल वाउचर, दो रजिस्टर, किरायानामा, उद्यम पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज, मैट्रिमोनियल रजिस्ट्रेशन फॉर्म, तीन क्यूआर कोड, एक पेमेंट साउंड बॉक्स, तीन चेकबुक, एक पासबुक और पांच डेबिट कार्ड बरामद किए. पूछताछ में रागिनी देवी ने स्वीकार किया कि अखबारों में विज्ञापन देकर लोगों को सदस्यता के लिए प्रेरित किया जाता था. पुलिस के अनुसार, साइबर शिकायतों के चलते कुछ बैंक खाते फ्रीज होने के बाद गिरोह ने अन्य बैंक खातों और अलग-अलग क्यूआर कोड के जरिए भी पैसे वसूलने शुरू कर दिए थे.
ALSO READ:वाराणसी रिंग रोड फेज 2 पर अज्ञात वाहन में पीछे से टकराया ट्रक, चालक की मौत...
गिरफ्तार सभी महिलाए कैंट, शिवपुर, लालपुर, और कैंट थाना क्षेत्र की निवासी बताई गई और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 3(5), 319(2), 318(4), 336(3) और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और देशभर में इस तरह की साइबर ठगी के मामलों का भी खुलासा किया जा सके.



