नगर निगम वाराणसी ने बढ़ाया सफाई कर्मियों का वेतन, अप्रैल से मिलेगा बढ़ा मानदेय और एरियर...

वाराणसी: नगर निगम वाराणसी ने आउटसोर्सिंग पर तैनात सफाई कर्मियों के लिए बड़ी राहत देते हुए 1 अप्रैल 2026 से बढ़े हुए वेतन को लागू करने का निर्णय लिया है. शासनादेश मिलते ही नगर निगम ने इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है. अब सफाई कर्मियों को प्रतिमाह 13,006 रुपये मानदेय मिलेगा, जिसमें 765 रुपये महंगाई भत्ता भी शामिल है.
नगर निगम के अनुसार करीब चार हजार सफाई कर्मियों को पिछले दो माह का एरियर भी दिया जाएगा, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ मिलेगा. वेतन वृद्धि को लेकर फैली भ्रामक सूचनाओं पर विराम लगाते हुए अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा इसी माह जारी आदेश के अनुसार अकुशल श्रेणी के सफाई कर्मियों का मानदेय तय किया गया है.
ALSO READ :मौसम ने ली फिर करवट, कई इलाकों में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी...
उन्होंने कर्मियों से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी या बहकावे में न आएं. साथ ही बताया कि सफाई कर्मियों को अब आयुष्मान भारत योजना और नमस्ते योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सके.



