Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

वाराणसी में अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्‍त, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, पुलिस तैनात...

वाराणसी में अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्‍त, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, पुलिस तैनात...
Jun 25, 2026, 07:12 AM
|
Posted By Diksha Mishra

वाराणसी : कपसेठी थाना क्षेत्र के कुरु गांव में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा गुरुवार सुबह खंडित मिलने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई. प्रतिमा के हाथ और मध्य भाग क्षतिग्रस्त मिला. ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार देर शाम तक प्रतिमा सुरक्षित थी. सुबह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलने पर ग्रामीणों ने किसी असामाजिक तत्व द्वारा इसे नुकसान पहुंचाने की आशंका जताई. इस घटना से इलाके हडकंप मच गया. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.


सूचना के बाद कपसेठी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी राजातालाब भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया. पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से क्षतिग्रस्त प्रतिमा को सम्मानपूर्वक हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया है. नई प्रतिमा स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. आज ही नए चबूतरे के साथ नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी.


कपसेठी थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. क्षतिग्रस्त प्रतिमा को सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और नई मूर्ति मंगाई गई है ,जिसका विधिवत स्थापना किया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिमा की सुरक्षा के लिए उसके चारों ओर पिलर लगाने और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की योजना है.


ALSO READ : आकाश गंगा कॉलोनी में 7.55 लाख रुपये की लागत से बनेगी नई सड़क...


थाना प्रभारी ने बताया कि प्रतिमा कैसे क्षतिग्रस्त हुई. इसकी विस्तृत जांच की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं पर नजर रख रही है. घटना के बाद गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की घटना को लेकर ग्रामीणों में चर्चा जारी है.

यातायात माह में छात्र-छात्राओं को दी गई नियमों की जानकारी...
यातायात माह में छात्र-छात्राओं को दी गई नियमों की जानकारी...
वाराणसी : यातायात माह नवंबर में "जन जागरूकता अभियान" के तहत जगतपुर इंटर कॉलेज रोहनिया वाराणसी में यातायात पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों के विषय में जानकारी दी गई. यातायात चिन्हों के विषय में तथा हेलमेट व सीट बेल्ट न धारण कर वाहन चलाने में सड़क दुर्घटना के कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है इस विषय में विस्तृत बताया गया. जागरूकता के क्रम में उप निरीक्षक यातायात नारायण सिंह द्वारा बताया गया कि अगर नाबालिक बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर कोई सड़क दुर्घटना होती है तो अभिभावक को नये नियम के तहत कैसे जिम्मेदार ठहराते हुए 3 वर्ष जेल की सजा और 25000 जुर्माना दोनों से दंडित किया जाएगा. सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति को गोल्डेन आवर के तहत अस्पताल पहुंच कर जान बचाने पर सरकार द्वारा पुरस्कृत की जाने वाली राशि (25000) के विषय में भी जानकारी दी गई.ALSO READ : वाराणसी के नए नगर आयुक्त बने शाश्वत त्रिपुरारी ने संभाला पदभार...यातायात चिन्ह वह सड़क सुरक्षा संबंधित सभी जानकारी देते हुए अध्यापक व बच्चों से इसे जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की गई. जागरूकता के क्रम में उप निरीक्षक इंद्रभान सिंह गौर ने भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने व पालन करने तथा रोड पर किस प्रकार से चलना चाहिए इस संबंध में बच्चों को बताया गया. अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य बिपिन चंद्र राय द्वारा सभी का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक होकर के पालन करने तथा दूसरों को भी पालन करने हेतु जागरूक करने के लिए बताया गया. उक्त कार्यशाला में विद्यालय के प्रवक्ता सत्येंद्र कुमार राय, अध्यापक कृष्णमणि, जगजीत सिंह के अलावा यातायातकर्मी राम मूरत राय, मनोज कुमार, हरिश्चंद पाल, बृजेश यादव आदि उपस्थित रहे.
वाराणसी के नए नगर आयुक्त बने शाश्वत त्रिपुरारी ने संभाला पदभार...
वाराणसी के नए नगर आयुक्त बने शाश्वत त्रिपुरारी ने संभाला पदभार...
वाराणसी : 2021 बैच के आईएएस अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने शनिवार को नगर निगम के सिगरा स्थित कार्यालय में नगर आयुक्त का पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले उन्होंने बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने निवर्तमान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल का स्थान लिया है।पदभार ग्रहण करने के बाद शाश्वत त्रिपुरारी ने कहा कि शहर की साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाना, सीवर की समस्याओं का समाधान और आम जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण उनकी प्राथमिकता रहेगी। उनका प्रयास होगा कि लोगों को अपने छोटे-बड़े काम के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।नवनियुक्त नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में चल रही विकास परियोजनाओं को गति दी जाएगी। स्वच्छता सर्वेक्षण में वाराणसी की रैंकिंग बेहतर करने के लिए भी विशेष प्रयास होंगे। उन्होंने शहर की मौजूदा सफाई और लाइटिंग व्यवस्था को बेहतर बताया। आगामी देव दीपावली को लेकर उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से सुझाव और फीडबैक लेकर तैयारियों को और बेहतर बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।ALSO READ : बीएचयू के वैज्ञानिकों ने बनाया त्वचा, बाल और आंखों के रंग से जुड़े जीन का दुनिया का सबसे बड़ा डेटाबेसमूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले शाश्वत त्रिपुरारी सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक हैं। वाराणसी आने से पहले वह अलीगढ़, मथुरा और गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर कार्य कर चुके हैं। गोरखपुर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई है। महादेव की नगरी में अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर उन्होंने उत्साह जताते हुए कहा कि आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उनसे सीधे संपर्क कर सकते हैं।
बीएचयू के वैज्ञानिकों ने बनाया त्वचा, बाल और आंखों के रंग से जुड़े जीन का दुनिया का सबसे बड़ा डेटाबेस
बीएचयू के वैज्ञानिकों ने बनाया त्वचा, बाल और आंखों के रंग से जुड़े जीन का दुनिया का सबसे बड़ा डेटाबेस
वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वैज्ञानिकों ने चिकित्सा विज्ञान और आनुवंशिकी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बीएचयू के विज्ञान संस्थान स्थित सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर्स के शोधकर्ताओं ने मानव त्वचा, बाल और आंखों के रंग को निर्धारित करने वाले जीन का दुनिया का सबसे विस्तृत डेटाबेस तैयार किया है। इसे ह्यूमन पिगमेंटेशन डेटाबेस (HPDB) नाम दिया गया है। यह डेटाबेस दुनियाभर के डॉक्टरों, चर्म रोग विशेषज्ञों और जेनेटिक शोधकर्ताओं के लिए उपयोगी साबित होगा। इस शोध को अंतरराष्ट्रीय विज्ञान पत्रिका 'फ्रंटियर्स इन बायोइंफॉर्मेटिक्स' में प्रकाशित किया गया है।इस डेटाबेस में 663 शोध पत्रों से जुटाई गई जानकारियों को एक जगह संकलित किया गया है। इसमें 5,146 आनुवंशिक वेरिएंट्स और पिगमेंटेशन से जुड़े 111 विकारों की जानकारी उपलब्ध है। अभी तक त्वचा, बाल और आंखों के रंग से संबंधित जीन और उनके बदलावों की जानकारी अलग-अलग शोध पत्रों में बिखरी हुई थी। इस डेटाबेस के बनने से शोधकर्ताओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर जरूरी जानकारी मिल सकेगी।HPDB में जीन के नाम, जेनेटिक वेरिएंट की पहचान संख्या (rsID), आबादी, शोध प्रकाशन और क्रोमोसोम की स्थिति के आधार पर जानकारी खोजने की सुविधा दी गई है। यह डेटाबेस पूरी तरह निशुल्क है और इसके इस्तेमाल के लिए पंजीकरण की भी जरूरत नहीं है। इसे bioclues.org वेबसाइट के माध्यम से इस्तेमाल किया जा सकता है।ALSO READ : काशी में सजेगी फूलों की महा प्रदर्शनी, फरवरी के पहले पखवाड़े में होगा भव्य आयोजन...शोध का नेतृत्व करने वाली डॉ. चंदना बसु ने कहा कि वैज्ञानिक ज्ञान सभी के लिए खुला और सुलभ होना चाहिए। इस डेटाबेस के जरिए मानव विविधता, विकास और स्वास्थ्य से जुड़े शोध को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। बीएचयू के सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर्स के संस्थापक निदेशक प्रो. राजीव रमन ने इसे वैश्विक शोध समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। वहीं केंद्र के समन्वयक डॉ. अख्तर अली ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को पिगमेंटेशन से जुड़े जीन और आनुवंशिक बदलावों के अध्ययन के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा।इस शोध में बीएचयू के श्वेतोत्पल मृणाल और पूजा रानी के साथ मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर के डॉ. प्रशांत सुरवजहाला और बायोक्लूज के डॉ. वीएस सुंदरराजन भी शामिल रहे। शोधकर्ताओं की योजना डेटाबेस को समय-समय पर अपडेट करने की है, ताकि भविष्य में आनुवंशिकी, मानव विकास और चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में होने वाले शोध को और मजबूती मिल सके।