वाराणसी: रेलवे ने रोका मरम्मत कार्य, राजघाट पुल दुबारा खुला, पीपा पुल का इंतजार

वाराणसी – मरम्मत कार्य के चलते राजघाट पुल पर रोका गया यातायात शनिवार को फिर से चालू कर दिया गया. इससे वाराणसी, रामनगर और चंदौली की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली. उत्तर रेलवे की आपत्ति के चलते लोक निर्माण विभाग (PWD) को मरम्मत कार्य फिलहाल रोकना पड़ा,अब पीपा पुल बनने के बाद ही राजघाट पुल की मरम्मत दुबारा शुरू की जाएगी.
रेलवे के आपत्ति पर रुका काम
उत्तर रेलवे की आपत्ति के चलते लोक निर्माण विभाग को मरम्मत कार्य फिलहाल रोकना पड़ा, रेलवे अधिकारियों का तर्क है कि पुल के नीचे से रोजाना 90 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं, बिना उचित सुरक्षा मानकों और 'अनापत्ति प्रमाण पत्र' के ड्रेनेज स्पाउट एक्सपेंशन ज्वाइंट का काम करना ट्रेनों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हो सकता है. इसी सुरक्षा चूक को देखते हुए रेलवे ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया.
पीपा पुल बनने के बाद शुरू होगा मरम्मत कार्य

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह का कहना है कि मरम्मत का कार्य फिलहाल स्थगित रहेगा. आगामी 15 फरवरी से गंगा नदी पर पीपा पुल का निर्माण शुरू किया जाएगा. जब मार्च में पीपा पुल पूरी तरह चालू हो जाएगा और ट्रैफिक वहां शिफ्ट हो जाएगा, तभी राजघाट पुल पर मरम्मत का काम दोबारा शुरू होगा.
जनता में भारी आक्रोश
राजघात पुल बार-बार बंद होने और फिर खुलने से आम जनता, यात्रियों और व्यापारियों में भारी नाराजगी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और अधिकारियों के बीच सामंजस्य न होने की सजा जनता को भुगतनी पड़ रही है. बिना सोचे-समझे जारी किए गए फरमानों ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है.
ALSO READ :पुराने की विदाई और नए साल के स्वागत को आस्थावान आतुर, बाबा दरबार में इतने लोगों ने लगाई हाजिरी
राजघाट पुल बंद होने पर, छोटे वाहन (टू-व्हीलर, ऑटो, ई-रिक्शा, हल्के चार पहिया, एम्बुलेंस) सामने घाट पुल से जाते थे, जबकि बड़े वाहन (बस, भारी मालवाहक) विश्वसुंदरी पुल (रामघाट पुल) और डाफी टोल प्लाजा होकर रामनगर, टेंगरा मोड़, मोहनसराय के रास्ते वैकल्पिक मार्ग से जाते थे.


