अनियमित जलापूर्ति व लीकेज से परेशान ग्रामीणों ने पानी की टंकी पर जड़ा ताला...

वाराणसी : विकास खंड हरहुआ के ग्राम पंचायत मुर्दहा में अनियमित जलापूर्ति और पाइपलाइन लीकेज से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को फूट पड़ा. ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी के मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया और जल्द समस्या के स्थायी समाधान की मांग की.
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से गांव में पानी की आपूर्ति नियमित नहीं हो रही है. कई स्थानों पर पाइपलाइन में लीकेज होने से पानी बर्बाद हो रहा है, जबकि दर्जनों घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है. भीषण गर्मी में पेयजल संकट गहराने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
ग्राम प्रधान रविंद्र यादव ने बताया कि जल जीवन मिशन के अधिकारियों और संबंधित एजेंसी से कई बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला. समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए टंकी के गेट पर ताला जड़ दिया.
सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की और शीघ्र ही लीकेज ठीक कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया. अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद टंकी का ताला खोल दिया गया.
ALSO READ : एनसीआईएसएम के नियमों से बाहर नहीं होगी डीएसीपी पदोन्नति, बीएचयू को मिला निर्देश...
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और लीकेज की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे.



