विश्वनाथ मंदिर में सुगम दर्शन के नाम पर ठगने वाले सक्रिय, पत्रकारों को मारपीट कर किया घायल

वाराणसी: श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के दावे किए जा रहे हैं लेकिन हकीकत अलग है. श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने और माला-फूल देने के नाम पर ठगी करने वाले मंदिर परिसर के आसपास सक्रिय हैं. उनकी मनबढ़ई का अंदाज इससे ही लगाया जा सकता है कि दर्शन-पूजन का कवरेज कर रहे पत्रकारों को अपनी धन उगाही में बाधा समझते हुए उनपर हमला कर दिया. उनके साथ मारपीट करते हुए मोबाइल तोड़ दिया. इस मामले में चौक थाना में तहरीर दी गई है.
मारपीट में घायल शेखर पांडेय का कहना है कि काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 के आसपास सक्रिय ठग श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन कराने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूल रहे हैं. वही चुनिंदा दुकानों से माला-फूल व पूजन सामग्री दिलाकर रुपये ऐंठते हैं.
ALSO READ : हास्पिलट में प्रसव के बाद महिला की मौत, हाइवे पर शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन...
पीड़ित पत्रकारों का आरोप है कि गेट नंबर-4 के पास कवरेज के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा. जोर देने लगे कि दुकान के सामने खड़ा रहने के लिए दुकान से माला-फूल खरीदना होगा. पत्रकारों ने खबर पूरी करने के बाद हटने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद पांच-छह युवक मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी. पत्रकारों का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया. घटना के समय मंदिर परिसर के बाहर पुलिसकर्मी मौजूद थे लेकिन हमलावरों को किसी ने रोकने की कोशिश नहीं की. घटना के बाद चौक थाना में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है. वहीं पुलिस भी अभी तक इस मामले में आश्वासन ही दे रही है.



