बड़ागांव में अपहरण के मामले का वांछित आरोपी गिरफ्तार, प्रेम-प्रसंग में युवती को ले जाने की बात कबूली...

वाराणसी : बड़ागांव थाना पुलिस ने अपहरण के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय रोशन पुत्र राजेश पटेल, निवासी महंगूपुर, थाना नेवढ़िया, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को चेकिंग अभियान और मुखबिर की सूचना के आधार पर अनेई से लक्षीरामपुर जाने वाले मार्ग के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया गया. उसके खिलाफ बड़ागांव थाने में बीएनएस की धारा 137(2) और 87 के तहत मुकदमा दर्ज था.
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां ने 1 जुलाई को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 29 जून को उनकी बेटी को रोशन बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. काफी तलाश के बाद भी युवती का पता नहीं चलने पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.
ALSO READ : पांडेयपुर चौराहे की बदलेगी सूरत, जाम से मिलेगी राहत; नगर आयुक्त ने तैयारियों का लिया जायजा...
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती को पहले से जानता था और दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग था. दोनों शादी करना चाहते थे, इसलिए वह उसे अपने साथ ले गया था. आरोपी के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह 4 जुलाई को युवती को वापस लेकर आया और साधोगंज में छोड़ दिया, जहां से वह अपने घर चली गई.
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.



