डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, दुबई से लौटे पति को लेने एयरपोर्ट गई महिला की मौत

वाराणसी : चौबेपुर थाना क्षेत्र के चंद्रावती-मोलनापुर के पास गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. जबरदस्त टक्कर के बाद कार कई बार पलट गई. हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति को मामूली चोटें आईं. महिला दुबई से लौटे अपने पति को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर से लेकर घर लौट रही थीं. हादसे से परिवार में मातम पसर गया. मृतका की पहचान पन्ना देवी (43) निवासी तिरछी, दुल्लहपुर, जिला गाजीपुर के रूप में हुई है. उनके पति रामजग चौहान दुबई से लौटे थे. उन्हें लेने के लिए पन्ना देवी वाराणसी एयरपोर्ट गई थीं. देर रात दोनों कार चालक अमिताभ चौहान के साथ कार से घर लौट रहे थे. इसी दौरान चंद्रावती-मोलनापुर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोलनापुर के पास अचानक सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में कार चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना के बाद उपनिरीक्षक दुर्गेश मिश्रा और अनुराग तिवारी मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने पन्ना देवी को मृत घोषित कर दिया. उनके पति रामजग चौहान को मामूली चोटें आईं. हादसे में शामिल कार चालक अमिताभ चौहान की स्थिति के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं मिली है.
ALSO READ: ”आनंद काशी आवासीय योजना” के पंजीकरण प्रक्रिया शीघ्र होगी शुरू, वीडीए ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर..
गोद ली बेटी के सिर से उठा मां का साया
पन्ना देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनकी 12 वर्षीय गोद ली हुई बेटी रूची चौहान के सिर से मां का साया उठ गया. पति के विदेश से लौटने की खुशी के बीच हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. इसके बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है.



