दक्षिण परिसर, बीएचयू में विश्व स्वास्थ्य दिवस 2026 उत्साहपूर्वक मनाया गया

वाराणसी: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर में विश्व स्वास्थ्य दिवस 2026 को छात्रों और संकाय सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के साथ बड़े उत्साह के साथ मनाया गया इस अवसर पर डीडीयू कौशल केंद्र के मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी के छात्रों द्वारा "स्वास्थ्य के लिए एक साथ विज्ञान के साथ खड़े रहें" विषय पर आधारित पैरामेडिकान 2026 का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वैश्विक सहयोग को सुदृढ़ करना विज्ञान आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना और वैज्ञानिक प्रमाणों के प्रति विश्वास को पुनर्स्थापित करना था. इसी क्रम में चिकित्सा विज्ञान संस्थान के सहयोग से "आपातकालीन जीवन रक्षक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम" भी आयोजित किया गया.

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने हेतु आवश्यक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल प्रदान करना था. विशेषज्ञों की टीम ने हृदयाघात, स्ट्रोक, अत्यधिक रक्तस्राव, घुटन, बेहोशी, सिर की चोट सहित अन्य आपात स्थितियों के लक्षणों की पहचान और प्राथमिक उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी.कार्यक्रम का उद्घाटन आचार्य प्रभारी प्रोफेसर बी.एम.एन. कुमार तथा डीडीयू कौशल केंद्र के समन्वयक डॉ. आर.एस. मिश्रा द्वारा प्रतिष्ठित विशेषज्ञ पैनल की उपस्थिति में किया गया. विशेषज्ञ पैनल में चिकित्सा विज्ञान संस्थान के डॉ. मंजरी मिश्रा (प्रोफेसर, ट्रॉमा एनेस्थेसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर), डॉ. शशि प्रकाश मिश्रा (प्रोफेसर, जनरल सर्जरी), डॉ. शुभी दुबे (सहायक प्रोफेसर, न्यूरोसर्जरी), डॉ. विक्रम गुप्ता, डॉ. आर्या (एनेस्थेसियोलॉजी विभाग) एवं डॉ. विनीत मिश्रा सहित अन्य विशेषज्ञों ने अपने व्याख्यान और कार्यशालाएं संचालित कीं.
काशी में गंगा स्नान को सुरक्षित बनाने की कवायद, बैरीकेडिंग लगाने की शुरू तैयारी
इस अवसर पर परिसर के वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. एस. पी. सिंह, डॉ. कुलदीप बौद्ध, डॉ. राघवेंद्र, डॉ. इरफान सहित डीडीयू कौशल केंद्र के सभी शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे. सभी प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ.



