जींस,टी शर्ट पहनकर नहीं जा सकेंगे काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में, पारंपरिक वस्त्र अनिवार्य...

वाराणसी : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह की तैयारी जोर-शोर से चल रही है. तैयारियों की समीक्षा के लिए कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक हुई. इसमें दीक्षांत से पहले दीक्षोत्सव के अंतर्गत होने वाले विभिन्न कार्यक्रम के लिए गठित समितियों से दीक्षोत्सव की गतिविधियों की प्रगति एवं कार्य योजना पर चर्चा हुई.
बैठक में निर्णय लिया गया है कि दीक्षांत के प्रतिभागियों सहित सभी को भारतीय पांरपरिक पीत वर्णीय परिधान ही पहनना होगा. इसमें पुरुष पीला या बसंती रंग का कुर्ता और सफेद रंग की धोती या पैजामा पहनेंगे. वह पीला, बसंती शर्ट और सफेद रंग की पैंट भी पहन सकते हैं. महिलाएं पीत वर्णीय साड़ी या सलवार-सूट पहनेंगी. जींस, टी शर्ट, काले व गहरे रंग के वस्त्र पूरी तरहे से प्रतिबंधित रहेंगे.
इस बार दीक्षांत समारोह को परिसर के बाहर करने का निर्णय लिया गया. बैठक के दौरान सिगरा स्थित रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर को आयोजन स्थल के रूप में स्वीकृत किया गया. प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत अभियान दृष्टिगत विश्वविद्यालय परिसर में समग्र रूप से नान बायो डिग्रेडेबल प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया.
बैठक में दीक्षांत स्मारिका और निमंत्रण पत्र का प्रारूप भी स्वीकृत किया गया. साथ ही स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों परिणाम एवं योग्यता क्रम की स्थिति से अवगत कराया गया. बैठक में कुलसचिव डा. सुनीता पाण्डेय, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, डीन अकादमिक प्रो. बंशीधर पाण्डेय, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा रहे. 28 जुलाई को होने वाले दीक्षांत समारोह का मुख्य विषय 'विगत एक दशक में भारत की उपलब्धियां : विकसित भारत 2047 की आधारशिला' है.
समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक द शिपिंग कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड कैप्टन बीके त्यागी होंगे.
ALSO READ:वाराणसी में नकली किन्नर गिरफ्तार, हुलिया बदल कर रहा था वसूली...
कैप्टन त्यागी भारतीय नौवहन क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ एवं अनुभवी प्रशासक हैं. 32 वर्षों से अधिक के सेवाकाल में समुद्री परिवहन, पोत संचालन, प्रबंधन, लाजिस्टिक्स एवं वैश्विक नौवहन क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं. कैप्टन त्यागी ने शिपिंग कारपोरेशन आफ इंडिया से अपने करियर की शुरुआत की और विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए वर्तमान में देश के प्रमुख समुद्री संस्थानों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे हैं.



