मेटा स्मार्ट ग्लास पहनकर गर्भगृह तक पहुंचा युवक, काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा पर उठे सवाल...

वाराणसी : काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वायरल वीडियो में एक युवक मेटा स्मार्ट ग्लास पहने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करता दिखाई दे रहा है. दावा है कि युवक ने स्मार्ट ग्लास में लगे कैमरे से गर्भगृह के अंदर का वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसे इंस्टाग्राम पर साझा कर दिया.
वीडियो सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़ा हुआ है. काशी विश्वनाथ मंदिर में मोबाइल फोन और कैमरा ले जाने पर प्रतिबंध है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा जांच भी की जाती है. ऐसे में कैमरे से लैस स्मार्ट ग्लास पहनकर युवक गर्भगृह तक कैसे पहुंचा, यह सवाल अब चर्चा में है.
वायरल वीडियो करीब 28 सेकेंड का बताया जा रहा है. इसमें युवक गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करता नजर आता है. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद लोगों ने मंदिर की सुरक्षा जांच और प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की निगरानी को लेकर सवाल उठाए हैं.
बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के बाद युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो को हटा दिया. हालांकि, तब तक वीडियो के स्क्रीन रिकॉर्ड और दूसरे रूपों में प्रसारित होने की बात सामने आई.
गौरतलब है कि इससे पहले भी काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह से वीडियो और वीडियो कॉलिंग के मामले सामने आ चुके हैं. ऐसे मामलों पर मंदिर प्रशासन जांच और कार्रवाई की बात कहता रहा है.
ALSO READ : सिगरा स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ...
क्या होता है मेटा स्मार्ट ग्लास?
मेटा स्मार्ट ग्लास देखने में सामान्य चश्मे जैसा होता है, लेकिन इसके फ्रेम में कैमरा, माइक्रोफोन और स्पीकर जैसी तकनीक लगी होती है. इससे बिना हाथ में मोबाइल पकड़े फोटो और वीडियो रिकॉर्ड किए जा सकते हैं, कॉल की जा सकती है और कई मॉडलों में Meta AI से बातचीत भी की जा सकती है. मौजूदा Ray-Ban Meta ग्लास की कीमत मॉडल के हिसाब से अलग-अलग है। Meta की भारतीय वेबसाइट पर AI ग्लास की शुरुआती कीमत ₹22,400 दिखाई गई है, जबकि Ray-Ban Meta Gen 2 की भारत में शुरुआती कीमत करीब ₹39,900 रही है.



