निजी हॉस्पिटल के फर्जी लिंक से 2.67 लाख की ठगी, पुलिस जांच में जुटी...

वाराणसी : चौबेपुर क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव निवासी जोखन सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गए जालसाजों ने निजी अस्पताल का नंबर खोजते समय गूगल पर फर्जी लिंक भेजकर उनके भारतीय स्टेट बैंक के दो खातों से चार ट्रांजेक्शन में कुल 2,67,570 रुपये निकाल लिए. पीड़ित जोखन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 जून को उन्होंने एपेक्स हास्पिटल में मरीज की जांच के लिए अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए गूगल से प्राप्त मोबाइल नंबर पर संपर्क किया. फोन उठाने वाले व्यक्ति ने मरीज का विवरण भरने और मात्र 5 रुपये का ऑनलाइन शुल्क जमा करने के लिए एक लिंक भेजा. जोखन सिंह ने कई बार भुगतान का प्रयास किया, लेकिन हर बार ट्रांजेक्शन फेल हो गया.
ALSO READ : माहेश्वरी समाज ने निकाली भव्य कलश यात्रा, 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंजी काशी...
इस दौरान उनका मोबाइल फोन गिरकर खराब हो गया, जिसे उन्होंने 11 जून की शाम तक ठीक कराया. इसके ठीक अगले दिन 12 जून की सुबह पौने दस से दस बजे के बीच उनके दोनों SBI खातों से अचानक चार बार में 2,67,570 रुपये कट गए. जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए.
पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. चौबेपुर पुलिस ने उनकी तहरीर पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है. आरोपियों की पहचान और ठगी गई राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं.



