संविधान ज्ञान परीक्षा में चयनित 36 छात्र-छात्राएं सम्मानित

वाराणसी : संविधान के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट द्वारा आयोजित संविधान आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में चयनित 36 छात्र-छात्राओं को शुक्रवार को सम्मानित किया गया.यह सम्मान समारोह कन्दवा स्थित कर्दमेश्वर इंटर कॉलेज (पूर्वी) में आयोजित हुआ.

आशा ट्रस्ट की ओर से विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसकी परीक्षा विगत दिनों संपन्न हुई थी.उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुस्तकें भेंट कर पुरस्कृत किया गया.

इस अवसर पर आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने कहा कि बच्चों को संविधान की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में समाज और जनहित से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक कर सकें.
कार्यक्रम संयोजक डॉ. इंदु पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थी जीवन से ही संविधान के मूल तत्वों से परिचित कराना संस्था का उद्देश्य है, जिससे खेल-खेल में प्राप्त यह ज्ञान जीवनभर उनके काम आ सके.
ALSO READ : UGC के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट की रोक, वाराणसी में छात्रों का आंदोलन रंग लाया
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने आशा ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में संवैधानिक मूल्यों की स्थापना के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं.
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. रतन कुमार, कमला प्रसाद राय, धर्मेंद्र कुमार सिंह, सरिता पटेल, प्रणय सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे.



