चंडीगढ़ से बिहार जा रही थी शराब की खेप, वाराणसी में पुलिस ने पकड़ा 199 पेटी का जखीरा

वाराणसी। धर्मनगरी काशी में अवैध शराब की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई करते हुए लंका मैदान से एक डीसीएम ट्रक में लदी 199 पेटी अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 1791 लीटर है, जिसमें 750 एमएल की कुल 2388 बोतलें शामिल हैं। शराब की खेप 9 ONE RUM ब्रांड की बताई गई है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल डीसीएम ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। बरामद शराब की कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 नवंबर को ऑपरेशन चक्रव्यूह के दौरान रामनगर पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि लंका मैदान में एक डीसीएम ट्रक खड़ा है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब लदी हुई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध डीसीएम ट्रक की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ करने के बाद वाहन की तलाशी ली तो उसमें शराब की बड़ी खेप देखकर टीम भी हैरान रह गई।

तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 199 पेटी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 750 एमएल की 12 बोतलें रखी गई थीं। इस तरह कुल 2388 बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 1791 लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब और डीसीएम ट्रक संख्या DL1MB4362 को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुला तस्करी का राज
गिरफ्तार चालक की पहचान राजेंद्र सिंह (26 वर्ष) पुत्र विजय सिंह निवासी ग्राम बैसलाना, थाना सरूण्ड, जिला जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चंडीगढ़ से शराब की खेप लेकर बिहार जा रहा था। बिहार में शराब बेचने पर ज्यादा मुनाफा मिलता है। इसी लालच में वह शराब की तस्करी कर रहा था। आरोपी ने पूछताछ में अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस से माफी भी मांगी।
Also Read:- काशी विद्यापीठ में मानसिक स्वास्थ्य पर मंथन, विशेषज्ञों ने बताया तनावमुक्त शिक्षा का महत्व
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की इतनी बड़ी खेप चंडीगढ़ से किसके माध्यम से भेजी गई थी और बिहार में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी इससे पहले भी शराब की खेप बिहार पहुंचा चुका है या नहीं।
इस मामले में रामनगर थाने में मु0अ0सं0 0316/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 और बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



