काशी विद्यापीठ में मानसिक स्वास्थ्य पर मंथन, विशेषज्ञों ने बताया तनावमुक्त शिक्षा का महत्व

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र द्वारा आयोजित ‘उच्च शिक्षा में मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण’ कार्यक्रम मंगलवार को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए स्वास्थ्य का संतुलन जरूरी
विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सी.बी. शर्मा ने कहा कि मानव जीवन के प्रत्येक आयु-वर्ग में शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक स्वास्थ्य का संतुलन अत्यंत आवश्यक है। शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को परिश्रम, नैतिक मूल्यों, आत्मनिर्भरता एवं जीवन-कौशल के प्रति प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने नशाखोरी, मादक पदार्थों के सेवन, डिजिटल दुरुपयोग, तनाव एवं पारिवारिक विघटन जैसी चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
Also Read:- अस्सी घाट पर ‘खुशी की उड़ान’ का देवोत्सव, रंगोली के रंगों में सजी काशी की संस्कृति और विरासत
मानसिक स्वास्थ्य के संवर्धन में शिक्षकों की भूमिका अहम
डीएवी पीजी कॉलेज, वाराणसी के मनोविज्ञान विभाग के प्रो. सत्य गोपाल ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक विकास के प्रमुख संवाहक होते हैं। शिक्षकों को सहानुभूति, संवेदनशीलता और परामर्श के माध्यम से सकारात्मक, समावेशी एवं तनावमुक्त शैक्षिक वातावरण तैयार करना चाहिए।
मानसिक स्वास्थ्य का ज्ञान व्यक्तिगत जीवन के लिए भी उपयोगी
केंद्र निदेशक प्रो. रमाकान्त सिंह ने स्वागत करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य का ज्ञान न केवल अकादमिक जीवन, बल्कि व्यक्तिगत जीवन को भी बेहतर दिशा प्रदान करता है। कार्यक्रम का संचालन दीपशिखा श्रीवास्तव, परिचय कस्तूरी साह तथा धन्यवाद ज्ञापन मनीषा शर्मा ने किया। तकनीकी सहयोग डॉ. विनय सिंह एवं सूरज कुमार ने प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ. शिवांगी मिश्रा, डॉ. सुनीता यादव, अर्चना मार्गम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



