कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभ में देरी पर उठे सवाल, लेखपाल पर अनुचित मांग का आरोप

वाराणसी:- सड़क दुर्घटना में परिवार के सदस्य को खोने के बाद आर्थिक सहायता की उम्मीद लगाए बैठे एक परिवार को अब सरकारी योजना का लाभ पाने के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामला सदर तहसील के ग्राम तराव का है, जहां मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने में कथित लापरवाही और अनुचित मांग किए जाने का आरोप सामने आया है।
बता दे कि जानकारी के अनुसार, ग्राम तराव, पोस्ट दानगंज, थाना चोलापुर निवासी मृत्युंजय सिंह की 30 सितंबर 2026 को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। आरोप है कि उनके परिवार को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक राजस्व कार्रवाई संबंधित हल्का लेखपाल अनीता द्वारा अब तक नहीं की गई है।
इतना ही नहीं इस मामले में आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह राणा ने जिलाधिकारी वाराणसी को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पीड़ित परिवार द्वारा कई बार संबंधित लेखपाल को अवगत कराने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही, लेखपाल पर कथित रूप से अनुचित आर्थिक लाभ मांगने का भी आरोप लगाया गया है।

देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि सरकार जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता देने के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, लेकिन पात्र परिवारों को उनका अधिकार पाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने इस मामले को प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
Also Read:- रिंग टेनिस के राष्ट्रीय रण में उतरेगी उत्तर प्रदेश की टीम, वाराणसी के खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी
आज़ाद अधिकार सेना ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लेखपाल के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने तथा मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का लाभ नियमानुसार जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है। संगठन ने कहा कि सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को उनका अधिकार दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और कथित अनियमितताओं के खिलाफ संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।



