गंगा घाटों से तालाबों तक सुरक्षा का घेरा, ड्रोन कैमरे से निगरानी, एनडीआरएफ की नौ टीमें तैनात...

वाराणसी : डाला छठ पर गंगा घाटों, कुंडों, तालाबों और जलाशयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के लिए 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की नौ टीमें विभिन्न घाटों, कुंडों और तालाबों पर तैनात रहेंगी. इन टीमों को आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों, वाटर एंबुलेंस, मोटर बोट और प्रशिक्षित गोताखोरों से लैस किया गया है. वहीं, शहर के आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर अग्निशमन कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है. पुलिस ड्रोन कैमरे और सीसी कैमरे से भी निगरानी करेगी. कंट्रोल रूम से भी भीड़ पर नजर रखी जाएगी.
सरोवरों और कुंडों की भी निगरानी
11वीं वाहिनी एनडीआरएफ के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने बताया कि वाराणसी के गंगा घाटों के अलावा बरेका स्थित सूर्य सरोवर और शिवपुर के गणेश पोखरा पर भी बचाव दल तैनात किए जा रहे हैं. नौ टीमों में हर टीम में 30 बचावकर्मी शामिल हैं. जरूरत पड़ने पर टीमों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है. टीमों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं. इनमें रेस्क्यू मोटर बोट, वाटर एंबुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य जीवनरक्षक उपकरण शामिल हैं. इसके अलावा प्रशिक्षित गोताखोरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भी तैनाती रहेगी.
ALSO READ : कूड़े में लगी आग में लाखों की अंडरग्राउंड प्लास्टिक पाइप राख, अफरा तफरी मची...
एनडीआरएफ मुख्यालय में 24 घंटे सक्रिय रहेगा बचाव दल
एनडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय में भी 24 घंटे बचाव दल और जरूरी उपकरण तैयार रहेंगे. आपात स्थिति की सूचना पर यहां से तत्काल सहायता भेजी जा सकेगी. जिला प्रशासन ने घाटों पर पूजा का आयोजन करने वाले आयोजकों और नाविकों से भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है. नाविक नावों का संचालन निर्धारित क्षेत्र में ही करें और उनकी क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाएं. हर यात्री के लिए लाइफ जैकेट की उपलब्धता और उसका इस्तेमाल सुनिश्चित करें. घाटों पर अस्थायी विद्युत व्यवस्था सुरक्षित तरीके से कराएं. खुले तारों और असुरक्षित विद्युत कनेक्शन को तत्काल दुरुस्त कराएं. पूजा स्थलों पर आवागमन और निकास के रास्ते अवरुद्ध न करें तथा भीड़ नियंत्रित रखने में प्रशासन का सहयोग करें.



