कूड़े में लगी आग में लाखों की अंडरग्राउंड प्लास्टिक पाइप राख, अफरा तफरी मची...

वाराणसी : रामनगर किले के समीप काशिराज परिवार की खुली जमीन पर कूड़े में अवांछनीय तत्वों ने आग लगा दी. कूड़े में लगी आग धीरे धीरे बढ़ने लगी और समीप रखे बिजली विभाग के अंडरग्राउंड प्लास्टिक की पाइप तक पहुंच गई. देखते ही देखते लाखों रुपये की पाइप जलकर राख हो गई. सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
घटना शुक्रवार देर शाम 8 बजे की है. किले के गेट के बांयी ओर काशिराज परिवार की 5 फीट बाउंड्री के अन्दर बहुत दिनों से कूड़े का ढेर पड़ा था. वहीं पास में रामनगर की गलियों में अंडरग्राउंड तार बिछाने वाली कंपनी के लाखों रुपये की प्लास्टिक पाइप रखी हुई थी. देर शाम कुछ युवकों द्वारा कूड़े में आग लगा दी गई. धीरे धीरे आग बढ़ गई और प्लास्टिक की पाइप उसकी चपेट में आ गया. आग तेज होने के साथ ही भयंकर लपटे उठने लगी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल को बुलाया साथ ही स्थानीय दुकानदारों में भय बना रहा. दुकानदारों के बीच आग बढ़ने को लेकर अफरा तफरी मची रही.
शाम को तीन दमकल की गाड़ियों ने लगभग 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. काशिराज परिवार के सुरक्षाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि मामले में पुलिस को लिखित तहरीर दे दी गई है. वहीं किले के मुख्य द्वार के सीसीटीवी कैमरों में दो युवक आग लगाते हुए दिखायी दे रहे हैं जिनकी पहचान की जा रही है.
ALSO READ : कोर्ट में गलत आपराधिक रिकॉर्ड दाखिल करने पर तीन दरोगा सहित चार निलंबित, विभागीय जांच बैठाई...
रामनगर प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि आग लगने का मूल कारण कूड़े में लगाई गई आग ही है. तहरीर के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान की जा रही है. वहीं सड़क के नीचे तार बिछाने वाली कम्पनी एल एन्ड टी के कर्मचारियों का कहना है लगभग 4 लाख रुपये मूल्य का प्लास्टिक तार जलकर राख हो गया है. कार्यदायी संस्था के अधिकारियों का कहना है कि मामले में संस्था की ओर से भी तहरीर दी जाएगी.



