कोर्ट में गलत आपराधिक रिकॉर्ड दाखिल करने पर तीन दरोगा सहित चार निलंबित, विभागीय जांच बैठाई...

वाराणसी : न्यायालय में आरोपी का गलत आपराधिक रिकॉर्ड तैयार कर दाखिल करना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया. मामले में डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने तीन उप निरीक्षकों और एक हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. कार्रवाई के चलते महकमे में खलबली मची हुई है.
मामला मंडुवाडीह थाने में दर्ज करोड़ों रुपये की जमीन धोखाधड़ी के मुकदमे से जुड़ा है. इस मामले में रोहनिया निवासी आरोपी राजेंद्र प्रसाद का आपराधिक इतिहास तैयार कर जिला न्यायालय और हाईकोर्ट में प्रस्तुत किया गया था. आरोप है कि पुलिस की ओर से दाखिल रिपोर्ट में राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने की गलत जानकारी दी गई थी.
ALSO READ : वाराणसी युवा कांग्रेस में निलंबन सूची से मचा बवाल, जिलाध्यक्ष विकास सिंह का नाम आने पर भड़के कार्यकर्ता...
जानकारी के अनुसार, रोहनिया थाने के हेड कांस्टेबल दयानंद मिश्र ने आरोपी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने संबंधी रिपोर्ट तैयार की थी. इस रिपोर्ट पर एसएसआई मोहित वर्मा ने हस्ताक्षर किए थे. इसके बाद विवेचक चंद्रशेखर यादव ने उक्त रिपोर्ट जिला न्यायालय में दाखिल की, जबकि विवेचक परवेज अहमद ने इसी रिपोर्ट को हाईकोर्ट में प्रस्तुत किया था.
मामले में गलत आपराधिक रिकॉर्ड न्यायालयों में दाखिल किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने तीनों उप निरीक्षकों और हेड कांस्टेबल को निलंबित करते हुए विभागीय जांच शुरू करा दी है.



