वाराणसी युवा कांग्रेस में निलंबन सूची से मचा बवाल, जिलाध्यक्ष विकास सिंह का नाम आने पर भड़के कार्यकर्ता...

वाराणसी : युवा कांग्रेस की निलंबन सूची में जिलाध्यक्ष अधिवक्ता विकास सिंह का नाम शामिल होने से संगठन में हड़कंप मच गया. शुक्रवार को सूची सामने आते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की. विरोध बढ़ने पर उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पूर्वी) के अध्यक्ष विशाल सिंह ने सफाई जारी करते हुए इसे तकनीकी और लिपिकीय त्रुटि बताया.
विशाल सिंह के मुताबिक, विकास सिंह अपनी टीम के साथ दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सक्रिय रूप से मौजूद थे. ऐसे में उनका नाम गलती से निलंबन सूची में शामिल हो गया। संगठन ने गलती स्वीकार करते हुए संशोधन की प्रक्रिया शुरू करने और संबंधित पदाधिकारियों से खेद जताने की बात कही.
हालांकि, इस मामले ने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी की चर्चाओं को भी हवा दे दी है. राजनीतिक गलियारों में विकास सिंह को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का करीबी बताया जा रहा है. अजय राय के पद से हटने के बाद पुरानी और नई टीम के बीच खींचतान की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं. हालांकि, निलंबन सूची और गुटबाजी के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ALSO READ : वाराणसी में हिमांशु नागपाल की विदाई, शाश्वत त्रिपुरारी संभालेंगे नगर आयुक्त की कमान...
विकास सिंह ने छात्र राजनीति से अपना सफर शुरू किया था. वह काशी विद्यापीठ छात्रसंघ के महामंत्री रह चुके हैं और एनएसयूआई से लेकर युवा कांग्रेस तक कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं. फिलहाल वह वाराणसी युवा कांग्रेस के निर्वाचित जिलाध्यक्ष हैं.
संगठन की सफाई के बाद भी कार्यकर्ता इस गलती के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं. ऐसे में एक निलंबन सूची ने युवा कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.



