भीमचंडी में गिरा पेड़ की डाल, मची अफरा-तफरी...

राजातालाब: पंचकोशी परिक्रमा मार्ग के दूसरे पड़ाव भीमचंडी स्थित गंधर्व सागर तालाब के किनारे मंगलवार सुबह करीब 5:45 बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अचानक एक विशाल पाकड़ के पेड़ की भारी-भरकम डाल भरभराकर नीचे गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना के समय वहां मौजूद दर्जनों बच्चे और तीर्थयात्री बाल-बाल बच गए. हालांकि चिरईगांव ब्लॉक क्षेत्र के मुस्काबाद चांदपुर निवासी श्रद्धालु पार्वती देवी डाल की चपेट में आ गईं, जिससे उनके पैर में हल्की चोट आई. हादसे से घबराने के कारण उनका ब्लड प्रेशर भी बढ़ गया.
ALSO READ:मेयर के साथ कारपूलिंग करते डोमरी पहुंचे 110 पार्षद, पौधों का किया निरक्षण...
सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान विजय गुप्ता मौके पर पहुंचे और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों व स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया. साथ ही परिजनों को भी सूचना दी गई.
ग्राम प्रधान ने बताया कि हादसे के बाद महिला काफी भयभीत हो गई थीं, जिसके चलते उनका बीपी बढ़ गया था। घटना के बाद श्रद्धालुओं में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा.



