हादसा या जानलेवा साजिश: BJP विधायक सुशील सिंह के काफिले में घुसी स्कॉर्पियो ने कई गाड़ियों को ठोका

चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली में सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले के साथ सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया. बिहार के मोकामा में विधायक अनंत सिंह के परिवार के शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे सुशील सिंह के काफिले में एक सफेद स्कॉर्पियो अचानक घुस गई. स्कॉर्पियो ने एक के बाद एक कई वाहनों को ठाेंक दिया. घटना में काफिले की तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं और चार लोग घायल हो गए. हालांकि विधायक बाल-बाल बच गए.

नेशनल हाईवे-19 पर एक के बाद एक टक्कर
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घटना चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र में झांसी गांव के पास हुई. स्कॉर्पियो ने काफिले में शामिल वाहनों को टक्कर मारी और बाद में सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. घायलों में काफिले का एक व्यक्ति और स्कॉर्पियो में सवार तीन लोग शामिल बताए गए हैं. सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
विधायक ने जताई सुनियोजित साजिश की आशंका
विधायक सुशील सिंह ने घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना मानने पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि स्कॉर्पियो सवारों ने जिस तरह काफिले की कई गाड़ियों को टक्कर मारते हुए रास्ता बनाने की कोशिश की, वह संदिग्ध है. उन्होंने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश की आशंका से जोड़ते हुए पुलिस को सूचना देने और औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की बात कही है.

अब पुलिस जांच से खुलेगा राज
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह तेज रफ्तार और लापरवाही से हुआ सड़क हादसा था या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी. विधायक की आशंका और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. सत्ता के गलियारों से लेकर चंदौली की सड़कों तक इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं पार्टी के अंदरखाने में घटना को लेकर हडकंप मचा हुआ है.

Also Read: बैंक ऑफ बड़ौदा में लाखों रुपये की धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों ने खोली पोल



