कृषि स्टार्टअप्स को मिलेगा नया मंच, आईआईवीआर ने शुरू किया यह कार्यक्रम…

वाराणसी : भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर), वाराणसी ने राष्ट्रीय कृषि नवाचार निधि योजना के तहत कृषि क्षेत्र के नवप्रवर्तकों और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'क्षितिज-2.0' इनक्यूबेशन कार्यक्रम की शुरुआत की है. इस पहल का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करते हुए स्टार्टअप्स को बाजार के लिए तैयार उद्यमों के रूप में विकसित करना है.
संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस कार्यक्रम के तहत फसल उत्पादन, कटाई-पश्चात प्रबंधन, प्रसंस्करण, आपूर्ति श्रृंखला तथा कृषि से जुड़े अन्य क्षेत्रों में नवाचार करने वाले युवाओं, छात्रों, शोधकर्ताओं, उद्यमियों और स्टार्टअप्स को सहयोग प्रदान किया जाएगा. कार्यक्रम का लक्ष्य स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर एक सशक्त कृषि स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है.
अग्रिबिजनेस इनक्यूबेशन सेंटर के अनुसार, क्षितिज-2.0 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक चलेगी. कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में नवीन समाधान विकसित करने वाले इच्छुक अभ्यर्थी इस अवधि में आवेदन कर सकते हैं.
चयनित स्टार्टअप्स को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, उद्यमिता प्रशिक्षण, अत्याधुनिक शोध प्रयोगशालाओं एवं अन्य अवसंरचना का उपयोग, प्रोटोटाइप विकास, तकनीकी सत्यापन, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) और व्यावसायीकरण में सहयोग मिलेगा. इसके साथ ही उद्योग जगत के विशेषज्ञों, निवेशकों और अन्य साझेदारों से जुड़ने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा.
ALSO READ : घोड़ा अस्पताल में नगर निगम पार्किंग निर्माण स्थल पर बिजली चोरी, ठेकेदार पर पांच लाख का जुर्माना...
परियोजना के मुख्य अन्वेषक डॉ. सुदर्शन मौर्य ने बताया कि पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देश संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं. इच्छुक अभ्यर्थी जारी क्यूआर कोड स्कैन कर भी आवेदन कर सकते हैं.



