वाराणसी से स्पाइसजेट की सभी उड़ानें बंद, मुंबई रूट की आखिरी फ्लाइट ने भरी उड़ान...

वाराणसी : लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर से स्पाइसजेट एयरलाइंस की मुंबई-वाराणसी-मुंबई विमान सेवा गुरुवार से पूरी तरह बंद हो गई. मुंबई रूट पर संचालित अंतिम उड़ान के साथ ही वाराणसी एयरपोर्ट से स्पाइसजेट का संपूर्ण संचालन भी समाप्त हो गया. इससे अब वाराणसी से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक प्रमुख एयरलाइन का विकल्प कम हो गया है.
428 यात्रियों ने अंतिम उड़ानों से की यात्रा
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, स्पाइसजेट की अंतिम मुंबई-वाराणसी उड़ान (एसजी-505) निर्धारित समय दोपहर 2:35 बजे के बजाय करीब 40 मिनट की देरी से मुंबई से रवाना हुई और शाम 5:30 बजे वाराणसी पहुंची. इस उड़ान में 213 यात्री सवार थे. वहीं वाराणसी से मुंबई जाने वाली अंतिम उड़ान (एसजी-506) शाम 5:25 बजे के बजाय 6:13 बजे रवाना हुई, जिसमें 215 यात्रियों ने सफर किया. दोनों दिशाओं में कुल 428 यात्रियों ने अंतिम उड़ानों से यात्रा की.
स्पाइसजेट लंबे समय से वाराणसी और मुंबई के बीच नियमित उड़ान सेवा संचालित कर रही थी. इससे पहले एयरलाइन वाराणसी से दिल्ली समेत कई प्रमुख शहरों के लिए भी विमान सेवाएं देती थी, लेकिन समय के साथ विभिन्न रूटों पर परिचालन बंद होता गया. अब मुंबई रूट के बंद होने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की सभी सेवाएं समाप्त हो गई हैं.
हालांकि मुंबई और अन्य शहरों के लिए इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर जैसी अन्य एयरलाइंस की उड़ानें अभी भी उपलब्ध हैं, लेकिन स्पाइसजेट के हटने से यात्रियों के पास विकल्प पहले की तुलना में कम हो गए हैं.
ALSO READ : नौवीं मोहर्रम पर परंपरा का अद्भुत नज़ारा, अंगारों पर दौड़े दूल्हा को देखने उमड़ा जनसैलाब...
स्पाइसजेट की ओर से सेवा बंद करने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है. हालांकि विमानन क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि बढ़ती परिचालन लागत, विमानों की सीमित उपलब्धता और एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की बढ़ती कीमतें एयरलाइंस के रूट संचालन को प्रभावित कर रही हैं. यही कारण है कि पिछले कुछ समय में कई एयरलाइंस ने भी अपने कुछ रूटों पर सेवाएं बंद की हैं.



