काशी में समावेशी समाज की पहल: संवाद, साझा भोजन और एकजुटता के साथ बनारस क्वीयर प्राइड की तैयारी

वाराणसी:- बनारस क्वीयर प्राइड 2026 की तैयारियों और आपसी एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को बेनियाबाग पार्क में सामुदायिक पॉटलक (Potluck) का आयोजन किया गया. इस आयोजन में क्वीयर एवं ट्रांस समुदाय के सदस्यों के साथ सामाजिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि से जुड़े सहयोगियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रतिभागी अपने-अपने घरों से व्यंजन बनाकर लाए और एक साथ बैठकर भोजन साझा किया. आयोजन का मुख्य संदेश रहा कि थाली अलग हो सकती है, स्वाद अलग हो सकते हैं, पहचान अलग हो सकती है, लेकिन साथ बैठने का अधिकार और सम्मान सबका बराबर है. इस भाव के साथ लोगों ने संवाद, सामूहिक खेल गतिविधियों और साझा अनुभवों के माध्यम से एक-दूसरे के प्रति समझ और जुड़ाव को गहरा किया.
पहचान, संवाद और जमीनी चुनौतियां कार्यक्रम की शुरुआत अनामिका ने परिचय सत्र के साथ की. इसके बाद जाति, धर्म, जेंडर, लैंगिक पहचान, यौनिकता और सामाजिक स्वीकार्यता जैसे संवेदनशील व महत्वपूर्ण विषयों पर खुला संवाद हुआ. चर्चा के दौरान यह बात उभरकर सामने आई कि बनारस जैसे ऐतिहासिक शहर में सामाजिक रूढ़िवादिता, जानकारी व जागरूकता की कमी तथा संस्थागत चुनौतियों के चलते अनेक लोगों के लिए अपनी पहचान को स्वीकार करना और समाज के सामने रखना आसान नहीं होता.
Also Read:- देव दीपावली पर काशी में उमड़ेगा देश-दुनिया का जनसैलाब, योगी और केंद्रीय पर्यटन मंत्री की मौजूदगी में सजेगी गंगा की अंजुरी
गरिमा और सम्मान की लड़ाई
प्रतिभागियों ने अपने अनुभवों और विचारों के आधार पर यह माना कि पहचान, गरिमा और सम्मान की लड़ाई अक्सर परिवार के भीतर से शुरू होती है और फिर समाज तथा विभिन्न संस्थाओं तक पहुंचती है. संवाद में इस बात पर भी जोर दिया गया कि सुरक्षित और संवेदनशील माहौल मिलने पर लोग खुलकर अपनी बात रख सकते हैं. इस अवसर पर नीति ने अपने विचार रखते हुए कहा कि पितृसत्तात्मक व्यवस्था केवल महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पुरुषों और क्वीयर समुदाय सहित समाज के अलग-अलग वर्गों को प्रभावित करती है. उन्होंने कहा कि एक समतामूलक और समावेशी समाज के निर्माण के लिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक व्यक्ति की पहचान, विचारों और अधिकारों का सम्मान किया जाए. नीति ने स्पष्ट किया कि बनारस क्वीयर प्राइड केवल क्वीयर और ट्रांस समुदाय का मंच नहीं है, बल्कि समानता और सम्मान के मूल्यों में विश्वास रखने वाला कोई भी व्यक्ति इससे जुड़ सकता है.

2022 से 2026 तक की यात्रा
कार्यक्रम में शिवांगी ने बनारस क्वीयर प्राइड की पृष्ठभूमि और अब तक के सफर की जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि इस पहल की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी और वर्ष 2023 में प्रशासनिक अनुमति के साथ पहली प्राइड मार्च निकाली गई. इसके बाद वर्ष 2024 और 2025 में भी प्राइड का आयोजन किया गया. शिवांगी के अनुसार, अब 2026 के आयोजन को पहले से अधिक व्यापक, सहभागी और यादगार बनाने के लिए विभिन्न संस्थाओं, संगठनों और सहयोगियों के साथ समन्वय कर तैयारियां की जा रही हैं.
आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की
चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक एकजुटता के महत्व को रेखांकित किया. इंडियन स्कूल ऑफ डेमोक्रेसी से आए प्रतिभागियों ने इस आयोजन को सामाजिक समावेशन और सकारात्मक बदलाव की दिशा में सार्थक कदम बताया. कार्यक्रम में अनामिका, नीति, बनी वर्मा, सैम, रूमान, अखिलेश, कृष्णा, शिवांगी, अबीर, रेनू, नितेश, तानिया, उदय, बनी और अनम सहित बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही. आयोजन के अंत में नैन्सी ने सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों और आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की.


