सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक पद के लिए आवेदन आमंत्रित...

वाराणसी. सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंशकालिक कार्यक्रम समन्वयक पद पर चयन के लिए विश्वविद्यालय के पात्र शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर निर्धारित अर्हताओं के अनुसार इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को विज्ञप्ति जारी होने की तिथि से सात दिनों के भीतर अपना आवेदन कुलसचिव कार्यालय में जमा करना होगा। चयन प्रक्रिया राष्ट्रीय सेवा योजना संशोधित मैनुअल-2006 के प्रावधानों के अनुरूप संपन्न की जाएगी।
कुलसचिव के अनुसार अभ्यर्थी के पास विश्वविद्यालय अथवा संबद्ध महाविद्यालय में आवश्यक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव होना चाहिए। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी के रूप में न्यूनतम तीन वर्ष का अनुभव और एनएसएस अभिमुखीकरण प्रशिक्षण प्राप्त होना अनिवार्य है। चयन के समय अभ्यर्थी की आयु 50 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
ALSO READ : बीएचयू में छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई: 36 हमेशा के लिए बाहर, 57 निलंबित
राकेश कुमार ने पात्र एवं इच्छुक शिक्षकों से निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि नियुक्ति से संबंधित विस्तृत अर्हताएं, आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने योग्य शिक्षकों से समय रहते आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।



