बीएचयू में चातुर्मासिक अंशकालीन योग सर्टिफिकेट कोर्स के लिए आवेदन शुरू, 27 जुलाई तक करें आवेदन...

वाराणसी : काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के योग साधना केन्द्र द्वारा सत्र 2026-27 के चातुर्मासिक अंशकालीन योग सर्टिफिकेट कोर्स के प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अगस्त के चौथे सप्ताह से प्रारंभ होगा.
इस कोर्स में बीएचयू के छात्र-छात्राएं, कर्मचारी, प्राध्यापक तथा उनके परिवार के सदस्य आवेदन कर सकते हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि यदि सीटें उपलब्ध रहीं तो बाहरी अभ्यर्थियों के आवेदन पर भी विचार किया जाएगा. प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है.
आवेदन-पत्र में निर्धारित स्थान पर प्रमाणित पासपोर्ट आकार का छायाचित्र लगाना होगा. इसके साथ हाईस्कूल (कक्षा 10) एवं इंटरमीडिएट (कक्षा 12) के अंकपत्रों की छायाप्रति तथा अन्य शैक्षिक प्रमाणपत्र (यदि कोई हों) भी संलग्न करना अनिवार्य होगा.
आवेदन-पत्र 9 जुलाई 2026 से लक्ष्मण दास अतिथि गृह के सामने स्थित प्रकाशन-विक्रय-पटल कार्यालय से 50 रुपये शुल्क देकर प्राप्त किए जा सकते हैं. पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन-पत्र योग साधना केन्द्र, मालवीय भवन के कार्यालय में कार्यालय समय के दौरान 27 जुलाई 2026 तक जमा करने होंगे.
ALSO READ : भाजपा के सभी 13 मंडलों में हुई आत्मनिर्भर मंडल बैठक, मिशन-2027 की तैयारियों पर जोर...
प्रवेश प्रक्रिया समिति द्वारा निर्धारित मानदंडों के आधार पर पूरी की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों की सूची 20 अगस्त 2026 को जारी किए जाने की संभावना है. कोर्स से संबंधित अधिक जानकारी योग साधना केन्द्र, मालवीय भवन स्थित कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है.



