भाजपा के सभी 13 मंडलों में हुई आत्मनिर्भर मंडल बैठक, मिशन-2027 की तैयारियों पर जोर...

वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई के तत्वावधान में मंगलवार को महानगर के सभी 13 मंडलों में आत्मनिर्भर मंडल बैठकों का आयोजन किया गया. इसी क्रम में बागेश्वरी मंडल की बैठक गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें संगठन की मजबूती, डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम और मिशन-2027 की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पार्चन तथा वंदे मातरम् के साथ हुआ.
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि वाराणसी देश के प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के कारण यहां के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा अधिक है. उन्होंने कहा कि संगठन की मासिक बैठकें छूटे हुए कार्यों को पूरा करने और कमियों को दूर करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से शक्ति केंद्रों को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही भविष्य की जीत की आधारशिला है.

उन्होंने बताया कि पार्टी की विचारधारा, नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम से जुड़ना आवश्यक है. जिन पदाधिकारियों ने अभी तक यह कार्यक्रम पूरा नहीं किया है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर इसे पूरा करने के निर्देश दिए गए. साथ ही पन्ना प्रमुखों से नियमित संपर्क बनाए रखने और प्रत्येक शक्ति केंद्र पर बैठकें आयोजित करने का आह्वान किया गया.
महानगर आईटी संयोजक पंकज चतुर्वेदी ने डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने मोबाइल के माध्यम से इसे शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया. मंडल प्रभारी चंद्रशेखर उपाध्याय ने मंडल पदाधिकारियों से संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की. बैठक का संचालन सत्यप्रकाश जायसवाल ने किया.
ALSO READ : वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इन्वेस्टमेंट फ्रॉड के शिकार युवक के 3.20 लाख रुपये कराए वापस...
बैठक में मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, सुशील गुप्ता, राजेंद्र यादव, कांति दीक्षित, प्रमील पाण्डेय, योगेश वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ.



