बाबतपुर एयरपोर्ट का आधिकारिक एक्स अकाउंट हुआ हैक, साइबर थाने में शिकायत दर्ज...

वाराणसी : लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने अकाउंट को तत्काल सस्पेंड कर दिया. इसके साथ ही साइबर थाना वाराणसी में लिखित शिकायत दर्ज कराकर मामले की जांच शुरू करा दी गई है. साइबर थाना पुलिस और एयरपोर्ट की तकनीकी टीम संयुक्त रूप से पूरे प्रकरण की पड़ताल में जुटी है.
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि तकनीकी स्तर पर जांच के बाद साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. उन्होंने कहा कि अकाउंट को दोबारा सुरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उससे जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कराई जा रही है.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि एयरपोर्ट के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने लगी थीं. इसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से अकाउंट को सस्पेंड कर दिया गया. साइबर थाना पुलिस तकनीकी टीम के सहयोग से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हैकरों ने किस माध्यम से अकाउंट तक पहुंच बनाई और घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं. साथ ही अकाउंट को फिर से सक्रिय करने और उसकी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी काम किया जा रहा है.
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि जब तक आधिकारिक एक्स अकाउंट दोबारा सक्रिय नहीं हो जाता, तब तक एयरपोर्ट से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए केवल अधिकृत और सत्यापित माध्यमों पर ही भरोसा करें. सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी संदिग्ध पोस्ट, संदेश या सूचना को बिना पुष्टि के साझा न करें.
ALSO READ : वाराणसी में सराफा कारोबारी से पांच लाख की लूट, पुलिस जांच में जुटी...
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हैकिंग के तरीके और इसमें शामिल लोगों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी.



