वाराणसी में सराफा कारोबारी से पांच लाख की लूट, पुलिस जांच में जुटी...

वाराणसी : तेलियाबाग इलाके में शनिवार देर रात सराफा कारोबारी अमित सेठ से पांच लाख रुपये की लूट हो गई. दो मोटरसाइकिल लुटेरों ने उन पर हमला कर बैग छीन लिया. सोरा कुआं चौक निवासी अमित सेठ अपने दोस्त विकास वर्मा के साथ स्कूटी से नदेसर से घर लौट रहे थे. रात साढ़े 11 बजे तेलियाबाग पहुंचते ही दो गाड़ियों (एक बुलेट और एक बाइक) पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर एक्टिवा स्कूटी रोक दी. बदमाशों ने अमित सेठ और उनके साथी पर हमला बोल दिया और पांच लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए.
अमित सेठ ने रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी, जिसके बाद दोनों पीछे हट गए. अमित सेठ प्लाट खरीदने के लिए अपने मित्र विजय जायसवाल और अरुण सेठ से उधार लेकर पांच लाख रुपये ले जा रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही चेतगंज पुलिस ने घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान एक बुलेट अनियंत्रित होकर पलट गई, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर सभी चारों बदमाश मौके से फरार हो गए.
ALSO READ : बीएचयू के सुश्रुत छात्रावास में जूनियर रेजीडेंट की संदिग्ध मौत, कमरे में दवा की ड्रिप लगी हालत में मिला शव...
डीसीपी गौरव बंसवाल रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच टीमें गठित कर दी. सीसीटीवी फुटेज की जांच में चारों बदमाशों की पहचान कर ली गई है. पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि अमित सेठ की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच चल रही है. पुलिस सभी एंगल से छानबीन कर रही है और जल्द ही इस लूट कांड का खुलासा होने की उम्मीद है.



