बीएचयू के सुश्रुत छात्रावास में जूनियर रेजीडेंट की संदिग्ध मौत, कमरे में दवा की ड्रिप लगी हालत में मिला शव...

वाराणसी : काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के सुश्रुत छात्रावास में प्रथम वर्ष के जूनियर रेजीडेंट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान ऋत्विक कुंडू (26) के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ऋत्विक कुंडू पश्चिम बंगाल के हुगली जिले का निवासी था और बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान में प्रथम वर्ष का जूनियर रेजीडेंट था. वह सुश्रुत छात्रावास की छठी मंजिल स्थित अपने कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था.
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे कुछ वरिष्ठ रेजीडेंट छात्रों ने किसी आवश्यक कार्य के सिलसिले में ऋत्विक को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की. काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर साथी छात्र उसके कमरे में पहुंचे. कमरे का दरवाजा खोलने पर ऋत्विक बिस्तर पर दवा की ड्रिप लगी अवस्था में मृत मिला.
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय के प्रॉक्टोरियल बोर्ड, लंका थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
ALSO READ : 80 लाख की सुपारी पर कारोबारी की हत्या, वाराणसी पुलिस एनकाउंटर में दो इनामी शूटर घायल, पांच गिरफ्तार...
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.



