बरेका में अंडर-17 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम...

वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के बास्केटबॉल कोर्ट पर गुरुवार से अंडर-17 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ. चार दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता 10 मई तक आयोजित की जाएगी, जिसमें शहर की सात प्रमुख टीमों की बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं. प्रतियोगिता में राजर्षि क्लब, सनबीम सन सिटी, बरेका, सिगरा स्टेडियम, संत अतुलानंद होलापुर, सनबीम भगवानपुर और सनबीम वरुणा की टीमें शामिल हैं.
उद्घाटन अवसर पर बरेका के जनसंपर्क अधिकारी एवं बास्केटबॉल सचिव राजेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और युवाओं को मोबाइल से दूरी बनाकर खेलकूद जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए.
ALSO READ:बीएचयू कर्मचारियों के नियमितीकरण का मामला पहुंचा हाईकोर्ट, केंद्र सरकार और यूजीसी से मांगा जवाब...
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में राजर्षि क्लब ने सनबीम सन सिटी को 38-03 से हराकर शानदार जीत दर्ज की. दूसरे मैच में बरेका की टीम ने सिगरा स्टेडियम को 44-15 से पराजित किया. वहीं तीसरे मुकाबले में संत अतुलानंद होलापुर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सनबीम भगवानपुर को 31-11 से शिकस्त दी. पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना आकर्षण का केंद्र रही.
दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरा खेल परिसर रोमांच और ऊर्जा से भर उठा. इस अवसर पर संस्थान सचिव आलोक कुमार सिंह, कोच एल.के. बिस्वाल, बाबी सिंह सहित निर्णायक मंडल के सदस्य विकास यादव, लक्ष्य वर्मा, राहुल श्रीवास्तव और आलोक रंजन मौजूद रहे. बड़ी संख्या में अभिभावकों और खेलप्रेमियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया.



