BBA छात्र की गोली मारकर हत्या, शोक में काशीवासी

वाराणसी: मिर्जामुराद स्थित काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (केआईटी) के बीबीए छात्र निलेश झा की बिहार के समस्तीपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. जानकारी के अनुसार, होली त्योहार की छुट्टी पर छात्र अपने पैतृक गांव गया हुआ था. रविवार सुबह वह कॉलेज लौटने वाला था. इस घटना की खबर मिलते ही संस्थान के छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई. रविवार शाम कॉलेज के मुख्य गेट पर छात्रों ने शोक सभा आयोजित कर दिवंगत छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित की.

निलेश झा को छात्रों ने किया पुष्प अर्पित
केआईटी गेट पर बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हुए और निलेश झा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन चढ़ाए. इस दौरान सभी छात्रों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. शोक सभा के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा. छात्रों ने अपने साथी को याद करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। सभा में अमन त्रिपाठी, सौरभ राय, आयुष, अंकित चौबे, अमन सिंह, अंकित मिश्रा, प्रिंस पटेल सहित दर्जनों छात्र मौजूद रहे.

छात्रों का कहना था कि उनके बीच पढ़ने वाला साथी इस तरह असमय दुनिया छोड़ देगा, यह किसी ने सोचा भी नहीं था. घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही कॉलेज और हॉस्टल परिसर में शोक का माहौल बना हुआ है. शोक सभा के अंत में छात्रों ने दिवंगत निलेश झा की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य देने की कामना की.

यह भी पढ़ें: अन्नपूर्णा मंदिर में PNG कनेक्शन के लिए सर्वे, घर-घर पाइप लाइन से पहुंचेगी गैस
इस घटना में स्थानीय लोगों ने बताया कि निलेश को दोस्तों ने फोन करके पार्टी के लिए बुलाया था. मऊ बाजार में निलेश और उसके दोस्त पार्टी कर रहे थे. इस दौरान उसको गोली लगी. उसके बाद उसके दोस्तों ने गांव के ही एक अस्पताल पहुंचाया, जहां हालात बिगड़ते देख वहां से भाग निकले. सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने लगे, लेकिन छात्र ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया. इस घटना से परिवार में मातम पसर गया. छात्र को गोली कैसे लगी, किसने मारी...बिहार पुलिस इस गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है.



