BHU में आंदोलनरत महिलाकर्मी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

A woman worker protesting at BHU falls ill and is hospitalized.
वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मधुबन पार्क में पिछले 14 दिनों से विश्वविद्यालय में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी और संविदा कर्मचारियों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन लगातार जारी है. अपनी विभिन्न मांगों, विशेष रूप से नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा को लेकर कर्मचारी धरने पर बैठे हैं. इस दौरान कई बार कर्मचारियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच वार्ता भी हुई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बना हुआ है. इस बीच धरना स्थल पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब प्रदर्शन में शामिल एक महिला कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई.

पीड़िता को प्राथमिक उपचार देने की कोशिश
उपस्थित अन्य कर्मचारियों ने तुरंत उसे प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की और बाद में एंबुलेंस की मदद से उसे सरसुंदरलाल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस महिला की तबीयत खराब हुई है उसका नाम अल्पना बताया जा रहा है. फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार जारी है और डॉक्टरों द्वारा उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

Also Read: वाराणसी के क्वींस कालेज में कल पुस्तक मेला, मनमानी कीमतों पर लगेगा अंकुश
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब धरना स्थल पर किसी महिला कर्मचारी की तबीयत खराब हुई हो. इससे पहले भी प्रदर्शन के दौरान एक अन्य महिला कर्मचारी बिंदु यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. लगातार गर्मी और लंबे समय से चल रहे धरने के कारण कर्मचारियों की सेहत पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.



