वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने पर नाव संचालन बंद, घाटों पर सुरक्षा कड़ी...

वाराणसी: गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने और तेज बहाव के कारण जिला प्रशासन ने एहतियातन गंगा में नाव संचालन और नौकायन पर अगले आदेश तक पूरी तरह से रोक लगा दी है. सावन माह के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या तथा नदी की बदलती परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. प्रशासन का कहना है कि यह कदम यात्रियों नाविकों और घाटों पर आने वाले सभी लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है. गंगा में ध्वनि विस्तारक यंत्र से नाव संचालन नहीं करने की अपील की गई.
प्रशासन के निर्देश जारी होने के बाद वाराणसी के सभी प्रमुख घाटों पर नौकाओं का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है. संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिबंध का पूरी सख्ती के साथ पालन कराया जाए. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक गंगा का जलस्तर सामान्य नहीं हो जाता और नदी में आवागमन पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जाता तब तक किसी भी प्रकार के नौका संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी.
घाटों पर बढ़ी निगरानी
गंगा तट पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है. सभी प्रमुख और संवेदनशील घाटों पर पुलिस जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं. घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा गहरे पानी की ओर नहीं जाने की सलाह दी जा रही है. प्रशासन की ओर से ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है और सुरक्षा संबंधी दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है. जिला प्रशासन ने सभी नाविकों और नाव संचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि वे प्रतिबंध का पूरी तरह पालन करें. किसी भी स्थिति में गंगा में नौका संचालन नहीं किया जाएगा.
ALSO READ :सावन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए ऑनलाइन टिकट शुरू, चार सोमवार को नहीं मिलेगी बुकिंग...
सख्त कार्रवाई क निर्देश
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति आदेश का उल्लंघन करते हुए नौका संचालन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. संबंधित विभागों को भी नियमित निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. सावन माह के दौरान काशी के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंच रहे हैं. ऐसे समय में गंगा के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है. घाटों पर तैनात सुरक्षा कर्मी लगातार लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके.



