वाराणसी जोन के नवागत एडीजी ने कार्यभार संभाला दिए निर्देश...

वाराणसी : जोन के नवागत अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) नवीन अरोड़ा (आईपीएस) ने बुधवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया. कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं से अवगत कराया और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए. कहा कि जाेन में शामिल जिलों और परिक्षेत्र में कार्य के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बैठक में आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम और बारावफात जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया. इसके साथ ही गो-तस्करी, साइबर अपराध सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने के निर्देश दिए गए. नवागत एडीजी ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा आमजन और पुलिस पेंशनरों की समस्याओं का भी संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी.
ALSO READ : वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने पर नाव संचालन बंद, घाटों पर सुरक्षा कड़ी
वाराणसी में तैनाती पाने वाले आइपीएस नवीन अरोड़ा मध्य प्रदेश बिलासपुर के रहने वाले हैं. वह पूर्वांचल में भी पूर्व में तैनात रह चुके हैं. वर्ष 2004 में बलिया, 2002 में सोनभद्र और 2007 में आजमगढ़ में भी पूर्व में तैनात रह चुके हैं. इसके साथ ही वह अब तक प्रदेश के 13 जिलों में एसएसपी के तौर पर तैनात रह चुके हैं. 2013 में वह डीआइजी बने, गोरखपुर के साथ ही आइटीबीपी में भी उनकी तैनाती रह चुकी है. वह एंथ्रपोलाजी से एमएससी हैं. फिलहाल वह तकनीकी सेवाएं उप्र, लखनऊ में अभी तक तैनात थे.



