वाराणसी में ट्रेलर और पिकअप की टक्कर, एक चालक की मौत, दूसरा गंभीर घायल...

वाराणसी : गोइठहां क्षेत्र में रिंग रोड फेज-1 के पास बुधवार को ट्रेलर और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में एक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस के अनुसार, फल उतारकर लौट रही पिकअप गलत दिशा से आ रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चला गया. वहीं पिकअप सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी. हादसे में ट्रेलर चालक लालपुर-पांडेयपुर के रमदत्तपुर निवासी शहजाद गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं लेढ़ूपुर निवासी पिकअप चालक बबलू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है.
ALSO READ : वाराणसी जोन के नवागत एडीजी ने कार्यभार संभाला दिए निर्देश...
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के समय एक बाइक भी इसकी चपेट में आ गई. हालांकि देर शाम तक बाइक सवार के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी. दुर्घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पिकअप का गलत दिशा में चलना सामने आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और गलत दिशा में वाहन न चलाने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके. यात्रियों से भी सावधानी बरतने और सुरक्षित यात्रा करने का अनुरोध किया गया है.



