काशी पहुंचे बोमन ईरानी, बोले- सुना था बहुत, लेकिन यहां आकर बदली सोच

वाराणसी: बॉलीवुड अभिनेता बोमन ईरानी ने शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। दर्शन के बाद उन्होंने काशी के आध्यात्मिक वातावरण और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने काशी के बारे में बहुत कुछ सुन रखा था, लेकिन यहां आकर जो अनुभव हुआ, वह उनकी कल्पना से कहीं अधिक अद्भुत है।

बोमन ईरानी ने बताया कि वह पिछले सात वर्षों में तीसरी बार काशी आए हैं। उन्होंने कहा कि हर बार यह शहर उन्हें एक नया अनुभव देता है। इस बार भी काशी की ऊर्जा, आध्यात्मिक माहौल और बाबा विश्वनाथ के दर्शन ने उन्हें भीतर तक प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि काशी केवल एक धार्मिक नगरी नहीं, बल्कि आत्मिक शांति का केंद्र है।
ALSO READ: दालमंडी चौड़ीकरण: मुआवजा बढ़ाने की मांग लेकर वीडीए कैंप कार्यालय पहुंचे व्यापारी
दर्शन के दौरान मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें विधिवत दर्शन-पूजन कराया गया। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर और काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जो लोग अभी तक काशी नहीं आए हैं, उन्हें जीवन में एक बार जरूर यहां आना चाहिए।



