वाराणसी में कार ने कांवड़ियों को मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल

वाराणसी: चौबेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया. सभी कांवड़िए मार्कंडेय महादेव मंदिर में जल चढ़ाने के लिए पैदल जा रहे थे. हादसा चौबेपुर स्थित एक निजी अस्पताल के सामने उस समय हुआ जब चारों कांवड़िए सड़क पर विश्राम कर रहे थे, तभी एक अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
आस-पास के ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुँचाया. अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने 25 वर्षीय विनीत तिवारी पुत्र विनोद तिवारी, निवासी काल भैरव, कोतवाली वाराणसी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायलों में आशीष चौधरी, रितेश पासी और सागर का उपचार जारी है. प्राथमिक इलाज के बाद कुछ घायलों को बेहतर सुविधाओं के लिए ट्रॉमा सेंटर भी रेफर किया गया है. इस घटना के संबंध में एसीपी सारनाथ ने बताया, “मौके का निरीक्षण कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. फिलहाल एक श्रद्धालु की मृत्यु हुई है और तीन घायलों का इलाज चल रहा है. आगे की जाँच की जा रही है.”
कांवड़िया की बाइक से टक्कर में एक की मौत
रोहनिया में रविवार सुबह करीब 10 बजे मोहनसराय में बाइक सवार कांवड़िया ने पैदल जल लेकर जा रहे दूसरे कांवरिया को टक्कर मार दी. हादसे में घायल कल्लू निषाद को पुलिस ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां उसकी मौत हो गई. प्रयागराज के करैली निवासी कल्लू निषाद पैदल कांवर लेकर बाबा विश्वनाथ को जल चढ़ाने जा रहा था.
ALSO READ:बीएचयू में प्राचीन हनुमान मंदिर बचऊ वीर अखाड़े पर दंगल, पहलवानों ने दिखाया दमखम
इसी दौरान कपसेठी के सीखड़ी निवासी अंकित प्रजापति जल चढ़ाकर बाइक से घर लौट रहा था. मोहनसराय में उसकी बाइक ने कल्लू को टक्कर मार दी. उसके साथ चल रहे पड़ोसी अंकुर भारती को भी मामूली चोट लगी. उन्होंने बताया कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी. कल्लू मजदूरी करता था. परिवार में पत्नी सरिता, दो बेटियां और एक बेटा है. वह दो भाइयों में बड़ा था. प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.



