चंदौली के निजी अस्पताल में महिला मरीज की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Female patient shot dead in Chandauli private hospital, police investigating
चंदौली: अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित कमलापुर के जीवक अस्पताल में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अस्पताल में भर्ती एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान लक्ष्मीना (55) निवासी सासाराम, बिहार के रूप में हुई है. वह पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं. जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक युवक अस्पताल पहुंचा. उसने खुद को मरीज बताते हुए बीपी की दवा ली और इलाज के बहाने अस्पताल के ऊपर स्थित वार्ड में पहुंच गया.

गोली लगते ही महिला की मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने अचानक महिला की कनपटी पर पिस्टल सटा कर गोली मार दी. गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई. बताया जा रहा है कि अस्पताल से बाहर निकलते समय आरोपी ने एक और फायर किया. इसके बाद वह बाइक से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और अस्पताल कर्मी जुट गए. लोगों ने पीछा कर आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर अपने साथ थाने ले गई.

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने अस्पताल परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. वहीं सूत्राें का कहना है कि हमलावर और महिला मरीज के बीच कोई सपर्क सामने नहीं आया है.

साइको किलर एंगल पर जांच कर रही पुलिस
सूत्रों के अनुसार अस्पताल में महिला की हत्या करके भाग रहा पकड़ा गया व्यक्ति एक्स आर्मी मैन है. उसका नाम गुरुप्रीत सिंह है और ये पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है. यह भी संदेह जताया जा रहा है कि चलती ट्रेन में 2 लोगो की हत्या में भी उसकी संलिप्तता तो नहीं है. फिलहाल पुलिस साइको किलर एंगल पर जांच कर रही है. एसपी चंदौली आकाश पटेल, एसपी रेलवे प्रशांत वर्मा सहित अन्य अधिकारीगण इससे पूछताछ कर रहे हैं.
Also Read: वाराणसी-चंदौली के बीच चलती ट्रेन में एक और हत्या, बिहार के यात्री को मारी गोली



