ठंड को बढ़ा रहीं उत्तरी पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाएं, तापमान में आई गिरावट

वाराणसीः ठंड धीरे-धीरे अपने पांव पसार रही है. प्रदेश में अभी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है. ऐसे में सतही स्तर पर शुष्क एवं ठंडी उत्तरी पश्चिमी हवाएं चल रही हैं. इसके कारण तापमान में पिछले कुछ दिनों के दौरान गिरावट आई है. आगामी 48 घंटों के दौरान मामूली गिरावट के साथ तापमान सामान्य से और नीचे लुढ़कने की संभावना है. इससे ठंड में थोड़ी और बढ़ोत्तरी होगी. सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा पड़ने की संभावना है.

मौसम विज्ञानियों के अनुसार सुदूर उत्तर-पश्चिम से हिमालय के पहाड़ों से गुजर कर आ रही ठंडी हवा धीरे-धीरे वातावरण का तापमान गिराने लगी है. इससे दिन में सिहरन तो रात में ठंड बढ़ गई है. उत्तर-पश्चिम से आ रही इस हवा की तीव्रता और सघनता आने वाले दिनों में और बढ़ेगी तथा तापमान में गिरावट का यह क्रम जारी रहेगा. गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4° से. नीचे 27.7° से. रहा. जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा. सुबह के समय थोड़ा कोहरा जरूर रहा लेकिन जल्द ही धुंध छट जाने से आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई. एक दिन पूर्व बुधवार को पारा 12 डिग्री से नीचे चला गया था.
ल
मौसम विज्ञानी के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से अफगानिस्तान, पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर हिमालय होते हुए ठंडी पछ़ुआ हवा के आने का क्रम जारी है. दिन की अवधि घटकर 10 घंटा 36 मिनट रह गई है. सूर्य के दक्षिणायन के साथ शरद का प्रभाव और बढ़ता ही जाएगा, सतह पर अभी पछुआ हवा सामान्य है लेकिन सतह से एक किमी ऊपर इसकी गति तेज है. जैसे-जैसे इसका प्रभाव बढ़ेगा, ठंड में और तीव्रता आएगी.
Also Read: बरेका में उत्साह के साथ मना संविधान दिवस, महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने दिलाया एकता का संदेश.



