काशी के सर्राफा कारोबारियों का ज्वेलरी एग्जीबिशन पर विरोध तेज, सोने की शुद्धता और GST की जांच कराने की उठी मांग

वाराणसी। लगातार आयोजित हो रही ज्वेलरी एग्जीबिशनों को लेकर स्थानीय सर्राफा कारोबारियों और पारंपरिक कारीगरों ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि इन आयोजनों में बाहरी कंपनियों और बड़े कारोबारियों को अधिक अवसर मिल रहा है, जबकि स्थानीय व्यापारियों और पीढ़ियों से आभूषण बनाने के काम में जुटे कारीगरों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता शुभम सेठ गोलू ने इस मुद्दे पर सरकार और प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है।
शुभम सेठ गोलू का कहना है कि उनका विरोध व्यापारिक आयोजनों से नहीं, बल्कि ऐसी एग्जीबिशनों से है, जिनमें स्थानीय कारोबारियों और हस्तनिर्मित आभूषणों को पर्याप्त स्थान नहीं मिलता। इससे छोटे व्यापारियों के सामने प्रतिस्पर्धा का संकट खड़ा हो रहा है और पारंपरिक कारीगरों के रोजगार पर भी असर पड़ रहा है।
उन्होंने सोने की शुद्धता को लेकर सामने आ रही शिकायतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम आदमी अपनी जीवनभर की कमाई से परिवार और बच्चों के भविष्य के लिए सोने के आभूषण खरीदता है। ऐसे में मिलावट या शुद्धता को लेकर किसी भी तरह का संदेह गंभीर है। उन्होंने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) से आभूषणों की हॉलमार्किंग और एचयूआईडी की निष्पक्ष जांच कराने तथा गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की मांग की।

इसके साथ ही एग्जीबिशनों में होने वाली खरीद-बिक्री और कर संबंधी गतिविधियों की जांच का मुद्दा भी उठाया गया। स्थानीय कारोबारियों ने आरोप लगाया कि कुछ आयोजनों में प्रदर्शन की आड़ में बड़े पैमाने पर व्यापारिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें हैं। इस संबंध में राज्य और केंद्रीय जीएसटी विभाग से बिक्री, बिलिंग, स्टॉक और कर अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है।
व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा था। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय बाजार पर पड़ रहे प्रभाव और एग्जीबिशनों में होने वाली गतिविधियों की जांच का आग्रह किया था। आरोप है कि जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित करने और जांच प्रक्रिया तेज कराने का आश्वासन दिया था। अब व्यापारी प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
शुभम सेठ गोलू ने व्यापारियों की सुरक्षा का सवाल भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सर्राफा कारोबारियों के साथ लूट, डकैती और हत्या की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में कारोबारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने सवाल किया कि जब व्यापारी अपने कारोबार और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, तो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे।

उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से स्थानीय कारीगरों के रोजगार की रक्षा, एग्जीबिशनों में पारदर्शी जांच, सोने की शुद्धता सुनिश्चित करने, व्यापारियों की सुरक्षा और छोटे उत्पादकों को उचित अवसर देने की मांग की। साथ ही सर्राफा व्यापारियों और कारीगरों से अपील की कि किसी भी एग्जीबिशन में भाग लेने से पहले उसके आयोजन, हॉलमार्किंग, बिलिंग और वैधानिक व्यवस्थाओं की जानकारी जरूर लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विरोध किसी व्यक्ति या संस्था विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापार, पारंपरिक कारीगरी और उपभोक्ताओं के हितों के लिए है। मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने पर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की बात भी कही।



