अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बरेका ने बिखेरी चमक, लोकोमोटिव मॉडल के जरिए दिखी भारतीय रेल की तकनीकी ताकत

वाराणसी। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF-2026) में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के लोकोमोटिव मॉडल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। 14 से 27 नवंबर तक आयोजित इस मेले में भारतीय रेल मंत्रालय की ओर से 'विकास भी, विरासत भी' थीम पर भारतीय रेलवे की उपलब्धियों, आधुनिक तकनीक और भविष्य की योजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। भारतीय रेल मंडप में बरेका की ओर से निर्मित WAP-7 यात्री इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव और WAG-9 मालवाहक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इसके साथ ही विदेशों में निर्यात किए जाने वाले लोकोमोटिव के मॉडल भी रखे गए हैं। इनके माध्यम से बरेका की उत्पादन क्षमता, तकनीकी दक्षता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय रेल की बढ़ती पहचान को दर्शाया जा रहा है।

मेले में भारतीय रेलवे की विरासत और आधुनिक विकास का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मंडप के बाहरी हिस्से में राजस्थान की स्थापत्य कला को दर्शाता जैसलमेर अमृत भारत स्टेशन का मॉडल विशेष आकर्षण है। इसमें पारंपरिक वास्तुकला के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं और तकनीक का समन्वय दिखाया गया है।
इसके अलावा अंजी ब्रिज, न्यू डबल रेल लाइन मोकामा ब्रिज, बुलेट ट्रेन, वंदे भारत, अमृत भारत एक्सप्रेस और वंदे भारत स्लीपर की झलकियां भी प्रदर्शित की गई हैं। इंटरैक्टिव स्क्रीन के माध्यम से आगंतुकों को भारतीय रेलवे की उपलब्धियों और नई परियोजनाओं की जानकारी दी जा रही है। बच्चों के लिए क्विज का भी आयोजन किया गया है, जिससे वे खेल-खेल में रेलवे की तकनीक और विकास के बारे में जान सकें।

इस दौरान बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने आगंतुकों को भारतीय रेल की उपलब्धियों, बरेका की उत्पादन क्षमता, लोकोमोटिव निर्माण और निर्यात गतिविधियों की जानकारी दी। प्रदर्शनी में तकनीकी सहयोग के लिए सीनियर सेक्शन इंजीनियर आलोक कुमार सिंह, एसके पांडेय, वीरेंद्र कुमार और अवधेश कुमार भी मौजूद रहे।
भारतीय रेल का यह मंडप देश की गौरवशाली रेल विरासत के साथ आधुनिक तकनीकी विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित कर रहा है। इसमें बरेका के लोकोमोटिव मॉडल वाराणसी की औद्योगिक पहचान और भारतीय रेल की विनिर्माण क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर सामने ला रहे हैं।



