कफ सिरप तस्करी - शुभम पर इनाम 50 हजार, चार के खिलाफ लुक आउट नोटिस

वाराणसी - कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल पर इनाम राशि 25 हजार से बढाकर 50 हजार रुपये कर दी गई है. वहीं, शुभम, आकाश पाठक, दिवेश जायसवाल और एक अन्य के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी किया है. एनडीपीएस, वित्तीय धोखाधड़ी समेत अन्य मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्कुलर जारी किया गया है. रांची की फर्म शैली ट्रेडर्स का कर्ताधर्ता शुभम जायसवाल, डीएसए फार्मा का प्रोपराइटर दिवेश जायसवाल, सोनिया के काजीपुरा खुर्द निवासी अमित जायसवाल और सिद्ध माता लेन गोलघर निवासी आकाश पाठक वांछित हैं.
ड्रग विभाग से भी जुटाई जा रही जानकारी
डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि 50 हजार के इनामी शुभम जायसवाल समेत चारों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी एसआईटी दबिश दे रही है. खरीद बिक्री में शामिल आरोपियों के बारे में ड्रग विभाग से भी जानकारियां जुटाई जा रही हैं. वित्तीय धोखाधड़ी और आपराधिक मामलों में वांछित भगोड़ों की गिरफ्तारी के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी किया जाता है.
कोतवाली थाने में नामजद आकाश पाठक, दिवेश जायसवाल और एक अन्य आरोपी के बारे में एसआईटी को जानकारी मिली कि यह तीनों सरगना शुभम जायसवाल के साथ ही रहते थे. साए की तरह साथ चलने वाले तीनों को शुभम जायसवाल ने अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप रखी थीं. आकाश को बैकिंग संबंधित कामकाज और दिवेश फर्जी फर्म खुलवाते थे.
ALSO READ : कफ सीरप तस्करों की प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलाने और जब्ती की पटकथा तैयार, 40 करोड़ की संपत्ति चिह्नित
मेसर्स सिंडिकेट के प्रोपराइटर पिता-पुत्र के करीबियों से पूछताछ
विशेश्वरगंज के औसानगंज निवासी मेसर्स सिंडिकेट के प्रोपराइटर मनोज यादव और उसके बेटे लक्ष्य यादव, सूजाबाद निवासी राहुल यादव, खोजवा के घनश्याम, अंकुश सिंह को एसआईटी ने रडार पर लिया है. इन आरोपियों के करीबियों से एसआईटी ने कई चक्र में पूछताछ की है. मनोज यादव और लक्ष्य यादव के सूजाबाद स्थित गोदाम से 60 लाख रुपये का कफ सिरप बरामद हुआ था. वहीं, रोहनिया के भदवर निवासी 25 हजार इनामी महेश सिंह भी वांछित है.


